Mradhubhashi

MP Today Weather: मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी के आसार, 4 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी के आसार, 4 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

MP Weather Alert: मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में आज बूंदाबांदी हो सकती है। अगले 3-4 दिनों तक ऐसा ही मौसम(Weather) रहेगा। दरअसल, प्रदेश में मौसम की कोई भी प्रणाली सक्रिय नहीं है। इस कारण मानसून की गतिविधियां समाप्त हो गईं हैं। भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि वर्तमान में मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। मानसून द्रोणिका भी सामान्य स्थिति से ऊपर है। इससे प्रदेश में बीते चार दिनों से मानसून की गतिविधियां कमजोर हैं। वैसे वातावरण में नमी बरकरार है, जिस कारण कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। शुक्रवार को भी खरगोन में 32.5, उज्जैन में 4.6, रतलाम में तीन, धार में 2.1 मिलीमीटर बारिश हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं उससे सटे बिहार पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना है। मानसून द्रोणिका पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवात से बिहार होकर मणिपुर जा रही है। पाकिस्तान के आसपास पश्चिमी विक्षोभ बना है। गुजरात के आसपास भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में आंध्रा के तट पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों का अभी मध्य प्रदेश के मौसम पर खास असर नहीं पड़ रहा है। इससे प्रदेश में मानसून की गतिविधियां शिथिल बनी हैं। राजधानी भोपाल में आंशिक बादल बने हैं। बीच-बीच में धूप निकल सकती है। शाम में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट