मुंबई। अक्षय कुमार और इमरान हाशमी स्टारर फिल्म ‘सेल्फी’ आज शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। यह मलयालम हिट ‘ड्राइविंग लाइसेंस’ की हिंदी रीमेक है। फिल्म का दोनों कलाकारों ने जमकर प्रमोशन किया लेकिन ऐसा लग रहा है कि दर्शकों ने फिल्म को पहले दिन ही खारिज कर दिया। इसे समीक्षकों से भी खराब रिव्यूज मिले।
वहीं ट्विटर पर यूजर्स फिल्म को डिजास्टर बताने लगे। पहले दिन के कलेक्शन के शुरुआती आंकड़े निराश करने वाले हैं। वीकेंड पर भी इसमें बहुत सुधार की गुंजाइश नहीं लग रही है।
शहजादा से भी कम रहा कलेक्शन
एडवांस बुकिंग के आकंड़ों ने ही बता दिया था कि ‘सेल्फी’ की खराब ओपनिंग रहने वाली है। हालांकि फिल्म का इतना बुरा हाल हो जाएगा इसका भी अंदाजा नहीं था। रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन करीब 3 करोड़ का बिजनेस किया है। यह शुरुआती आंकड़े हैं। अंतिम आंकड़ों में मामूली फेरबदल हो सकता है। वहीं बीते हफ्ते 17 फरवरी को कार्तिक आर्यन की ‘शहजादा‘ रिलीज हुई। यह फिल्म भी फ्लॉप होने के कगार पर है। कार्तिक की फिल्म ने पहले दिन 6 करोड़ की कमाई की थी। ऐसे में अगर ‘सेल्फी‘ का कलेक्शन 3 करोड़ रहता है तो यह ‘शहजादा‘ से 50 फीसदी कम है। अक्षय कुमार की फिल्म को जिस तरह का रिस्पॉन्स मिला है वह चौंकाने वाला है। इसने अक्षय की 1994 में आई फिल्म ‘तस्वीर 8 x 10‘ की याद दिला दी जो सुपरफ्लॉप थी।
5वीं फ्लॉप साबित ना हो जाए
अक्षय की पिछले साल सिनेमाघरों में जितनी फिल्में रिलीज हुईं सारी फ्लॉप साबित हुईं। इनमें ‘बच्चन पांडे‘, ‘सम्राट पृथ्वीराज‘, ‘रक्षा बंधन‘ और ‘राम सेतु‘ है। अक्षय की आखिरी हिट ‘सूर्यवंशी‘ थी जो 5 नवंबर 2021 को रिलीज हुई थी।