गौरव शुक्ला/बुरहानपुर – शनिवार का दिन मध्यप्रदेश में एक उत्सव के रूप में आया है। जिसे लाड़ली उत्सव के नाम से जाना जा रहा है। आज के ही दिन बुरहानपुर जिले सहित मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनाओं के खाते में 1-1 हजार रूपये आये है। प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने का काम कर रही है। बुरहानपुर जिले में लाड़ली उत्सव के अवसर पर रंगोली, दीपोत्सव, लोक गीत, नुक्कड़ नाटक सहित अन्य गतिविधियां आयोजित की गई, जिससे जिले में हर्षोल्लास का वातावरण नजर आया।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का बहनाओं के लिए बेहतर कल का संकल्प है। जिससे महिलाओं की जिदंगी में बदलाव के साथ-साथ उनके चेहरे पर भी मुस्कान आयी है।
शासन के निर्देशानुसार जिले के प्रत्येक वार्ड एवं ग्राम पंचायतों में लाड़ली उत्सव का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। बुरहानपुर नगर निगम अंतर्गत महाजनापेठ के बालाजी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्रीमति माधुरी अतुल पटेल, कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल, पूर्व नगर निगम अध्यक्ष श्री मनोज तारवाला, निगमायुक्त श्री संदीप श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुमन कुमार पिल्लई, बड़ी संख्या में लाड़ली बहनायें उपस्थित रही।
जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाईव प्रसारण जिले में देखा व सुना गया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की लाड़ली बहनाओं के खातों में 1-1 हजार रूपये की राशि अंतरित की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुमन कुमार पिल्लई ने जानकारी देते हुए बताया कि, जिले की 1 लाख 21 हजार 17 लाड़ली बहनाओं के खातों में 1-1 हजार रूपये की राशि मिली है।
बनाई आकर्षक रंगोलियां
लाड़ली उत्सव के अवसर पर जिले में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रंग-बिरंगे रंगों के माध्यम से बहनाओं के द्वारा रंगोली बनाकर अपने शिवराज भैया को धन्यवाद दिया गया।
दीपोत्सव
प्रत्येक वार्ड एवं ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्जवलित कर दीपोत्सव मनाया गया। लाड़ली बहनाओं का कहना है कि आज का दिन खुशियों का दिन है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से जिले में उत्साह का माहौल है।