Mradhubhashi
Search
Close this search box.

MP Election 2023: कमलनाथ से विवाद पर दिग्विजय सिंह की सफाई, शिवराज ने किया कटाक्ष

MP Election 2023: कमलनाथ से विवाद पर दिग्विजय सिंह की सफाई, शिवराज ने किया कटाक्ष

Digvijay Singh and Kamal Nath: मध्य प्रदेश में टिकट वितरन को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी के साथ प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह में मतभेद की चर्चा जारी है। भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप भी लगाए, जिसका जवाब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रविवार को दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस और विशेषकर मेरे और कमलनाथ के संबंध में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। गुटबाजी और नाराजगी का प्रश्न उत्पन्न नहीं होता है। हम सब एक हैं और भाजपा के कुशासन से प्रदेश को मुक्ति दिलाने को वचनबद्ध हैं।

दिग्विजय का झाबुआ और खातेगांव जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन यह रद्द हो गया। इसे टिकट वितरण पर कमलनाथ से नाराजगी से जोड़ा गया। भाजपा ने इसे लेकर कांग्रेस में गुटबाजी और कमलनाथ द्वारा सब नेताओं को दरकिनार करने के आरोप लगाए, जिस पर दिग्विजय ने रविवार को एक्स पर वीडियो पोस्ट किया- भारतीय जनता पार्टी के प्रादेशिक नेतृत्व में जो गुटबाजी है, उसे छुपाने के लिए वे कांग्रेस पार्टी और विशेषकर मेरे और कमलनाथ के संबंध के बारे में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। पहले तो मेरे नाम से फर्जी पत्र प्रसारित करवाया और उसके बाद अब यह बात आई है कि मैंने अपनी नाराजगी की वजह से झाबुआ और खातेगांव का दौरा रद्द किया, जो सरासर गलत है।

भाजपा के भ्रामक प्रचार में न आएं

दिग्विजय ने कहा कि हां, मेरा दौरा था पर प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला चाहते थे कि हम संगठन और चुनाव(Election) के विषयों पर कुछ जरूरी मुद्दों पर चर्चा करें, इसलिए दौरा निरस्त किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि भाजपा के इन भ्रामक प्रचारकों से दूर रहें। यह समझें कि एक तरफ जन बल हैं, जो कांग्रेस के साथ है। दूसरी तरफ धन बल है, जो भाजपा के साथ है। धन बल का प्रयोग करते हुए भ्रम फैलाना भाजपा की पुरानी रणनीति रही है।

कमलनाथ और दिग्विजय की लड़ाई में भाजपा कहां से आई: शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘चोर की दाढ़ी में तिनका’। हमने कब कहा, दिग्विजय जी और कमलनाथ जी के बीच अनबन है। आप खुद एक्स पर पोस्ट करके बता रहे हो कि अनबन नहीं है। भाजपा भ्रम फैला रही है। भाजपा भ्रम क्यों फैलाएगी? जनता देख रही है कि टिकट वितरण को लेकर अनबन हुई और कमलनाथ ने खुलेआम कहा कि कपड़े फाड़ना है तो दिग्विजय और जयवर्धन सिंह के फाड़ो। जो सबने सुना है। आप हंसी-मजाक या हास-परिहास में नहीं ले जा सकते हैं और कमलनाथ बेटे नकुलनाथ छिंदवाड़ा की टिकट बांट देते हैं और फिर कांग्रेस कमेटी जारी करती है। वर्चस्व एवं बेटों को स्थापित करने की लड़ाई जगजाहिर है। इसमें भाजपा कहां से आई?

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट