INDIA Alliance Next Meet: मुंबई में आज हुई विपक्षी गठबंधन इंडिया (INDIA) की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई है। बैठक के दूसरे दिन कमेटी में एक और नेता को शामिल किया। हालांकि सीटों के बंटवारे को लेकर कोई निर्णय नहीं हुआ। अब गठबंधन की अगली बैठक दिल्ली में आयोजित होगी। बैठक की तारीख निर्धारित नहीं हुई है।
मुंबई से पहले बेंगलुरु में दूसरी और पटना में पहली बैठक आयोजित हुई थी। कांग्रेस नेता एवं सांसद राहुल गांधी ने कहा कि बैठक में हमने कुछ बड़े स्टेप लिए हैं, जो पार्टी इस इंडिया (INDIA) में है, वो भाजपा को हराने के लिए है। यहां जो दल हैं, वो देश की 60 प्रतिशत जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली में होने वाली बैठक में सीट बंटवारे पर चर्चा होगी। विपक्ष एक होगा तो एनडीए का जीतना असंभव होगा। हम किसान-गरीबों को साथ लेकर चलेंगे
राहुल ने कहा कि केंद्र सरकार भ्रष्ट्राचार के केंद्र में है। पीएम मोदी का एक कारोबारी के साथ गठजोड़ है, जिसका नाम सभी जानते हैं। भाजपा और उसके भ्रष्टाचार के खिलाफ इंडिया (INDIA) गठबंधन लड़ेगा। विश्वास है कि इंडिया (INDIA) गठबंधन भाजपा को हराएगा और यहां मौजूद सभी नेता मतभेद भुलाकर एक साथ हैं। राहुल ने चीन मामले पर निशाना साधा एवं कहा कि मैं लद्दाख गया था और पेंगोंग लेक भी गया था। मैंने देखा है लद्दाख में चीन ने कब्जा कर लिया है। वहां का हर आदमी जानता है कि केंद्र सरकार क्या कर रही है?
किस नेता ने क्या कहा
(INDIA) मल्लिकार्जुन खड़गे: सबका उद्देश्य है कि मोदी महंगाई के लिए क्या करेंगे? बेरोजगारी के लिए क्या करेंगे? पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ रही है। मोदी जी 100 रुपए बढ़ाते और 2 रुपए कम करते हैं। एलपीजी के दाम डबल हुए है, लेकिन 200 कम किए। लोगों को दिखाने के लिए 200 रुपए कम करना और कहना मैं गरीबों के लिए काम करता हूं। मोदी गरीबों के लिए काम नहीं करेंगे। वे बड़े उद्योगपतियों के साथ मिलकर चलते हैं। कल राहुल गांधी ने एक रिपोर्ट रखी थी कि कैसो अडाणी की संपत्ति बढ़ी। सीबीआई हो ईडी हो, हर ऑटोनोमस बॉडी का मिसयूज कर रहे हैं, ऐसा कभी नहीं हुआ।
(INDIA) नीतीश कुमार: जब उनसे (पीएम नरेंद्र मोदी) मुक्ति मिलेगी, तब आप प्रेस वाले आजाद हो जाएंगे, तब आपका जो मन करे लिखिएगा। देख रहे हैं कि वो काम नहीं कर रहे, लेकिन उनकी बड़ाई छापी जा रही है। ये देश के इतिहास को बदलना चाहते हैं, हम इन्हें इतिहास नहीं बदलने देंगे। सबका उत्थान करेंगे किसी के साथ भेदभाव नहीं होने देंगे। सबको आगे बढ़ाना है।
(INDIA) अरविंद केजरीवाल: इंडिया (INDIA) अलाइंस 26-27 पार्टी का अलाइंस नहीं है। यह देश के 140 करोड़ लोगों का अलाइंस है। देश में मोदी सरकार बेहद भ्रष्ट और अहंकारी सरकार है। हम पढ़ रहे हैं कि विदेश के अखबारों में छप रहा है। एक आदमी (गौतम अडाणी) विदेश में पैसा ले जा रहा है और प्रधानमंत्री उसकी मदद कर रहे हैं। पूरी सरकार एक आदमी के लिए काम करने में लगी है।
(INDIA) लालू प्रसाद यादव: हम एक नहीं थे, उसका खामियाजा देश को भुगतना पड़ा और मोदी ने इसका फायदा उठाया। लगातार लड़ाई लड़ते-लड़ते हमलोग इस मुकाम पर आए हैं कि हम सब एक स्वरूप बना है। हम शुरू से यह लड़ाई लड़ते रहे कि भाजपा हटाओ-देश बचाओ। देश में अल्पसंख्यक सुरक्षित नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी बढ़ रही है।
सबको याद होगा कि कितना झूठ बोलकर ये लोग सत्ता में आए थे। मेरा नाम था उस समय और देश के नेताओं का नाम प्रचारित किया था कि इन लोगों का पैसा स्विस बैंक में है। हम यह पैसा लाएंगे और देश के हर नागरिक के खाते में 15-15 लाख आएगा। हम भी झांसे में खाता खुलवा लिए। हम पति-पत्नी, बच्चों को मिलाकर 11 हो जाते हैं। अब इसे 15 से गुणा कर लीजिए। एक पैसा नहीं आया। सब इन्हीं लोगों का पैसा था। हम लोगों ने संकल्प लिया है कि मोदी को हटाकर ही दम लेंगे।
INDIA Alliance: 14 सदस्यीय कमेटी में एक मुख्यमंत्री, एक उपमुख्यमंत्री, दो पूर्व मुख्यमंत्री
विपक्ष की कमेटी में एक मुख्यमंत्री, एक उपमुख्यमंत्री, दो पूर्व मुख्यमंत्री, 5 राज्यसभा और 2 लोकसभा सांसदों को जगह दी गई है। लेफ्ट से दो नेता कमेटी में शामिल हुए हैं। कमेटी में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (JMM), बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (RJD)।
जम्मू-कश्मीर से दो पूर्व मुख्यमंत्री- उमर अब्दुल्ला (NC) और महबूबा मुफ्ती (PDP)। पांच राज्यसभा सांसद- केसी वेणुगोपाल (कांग्रेस), संजय राउत (शिवसेना UBT), शरद पवार (NCP), राघव चड्ढा (AAP) और जावेद अली खान (SP)। लोकसभा के दो सांसद- ललन सिंह (JDU), अभिषेक बनर्जी (TMC)। डी राजा (CPI) और एक सदस्य CPI (M) से एक सदस्य शामिल हुए हैं। CPI (M) के सदस्य के नाम की घोषणा नहीं हुई है।