Mradhubhashi
Search
Close this search box.

बदले मौसम के मिजाज, गिरते पारे से तीखे हुए ठंड के तेवर

नई दिल्ली। पहाड़ों पर बर्फबारी और देश के कई हिस्सों में बारिश के चलते मौसम के मिजाज बदल गए हैं। उत्तराखंड के मुनस्यारी, बद्रीनाथ में बर्फबारी हुई है। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान शून्य से नीचे दर्ज हुआ। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के बाद ठिठुरन बढ़ी है। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर पूरे देश पर पड़ा है। विदर्भ ऐसा इलाका है, जहां सालभर सूखा रहता है। यहां भी यवतमाल में ओले गिरे हैं।

मुनस्यारी में बिछी बर्फ की चादर

उत्तराखंड में पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में बर्फबारी हुई है। इसकी वजह से मैदानी इलाकों में ठंड काफी बढ़ गई है। साथ ही लोगों को यातायात में परेशानियां को सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, पर्यटकों के चेहरे पर यह बर्फबारी खुशी लेकर आई है। वहीं, मौसम विभाग ने कुमाऊं मंडल के पर्वतीय इलाकों और उनसे लगे हुए गढ़वाल मंडल के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

साल भर सूखा झेलने वाले यवतमाल में ओले गिरे

लगभग पूरे साल सूखे की मार झेलने वाले विदर्भ के यवतमाल में मौसम ने करवट ले ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान यहां भीषण बारिश हुई और ओले पड़े हैं। बेमौसम बारिश ने सबसे ज्यादा बाभुलगांव और नेर तहसील में तबाही मचाई है। ओला गिरने से खेत में खड़ी फसल बर्बाद हो गई है। रबी फसल को नुकसान का प्रशासनिक स्तर पर जायजा लेने की कार्रवाई शुरू हो गई है।

लखनऊ-कानपुर समेत 26 जिलों में बारिश, ओले भी गिरने के आसार

वढ में लखनऊ और आसपास के जिलों में सोमवार से शुरू हुई बूंदाबांदी से ठिठुरन बढ़ गई। कानपुर, हरदोई, उन्नाव, कौशांबी, प्रयागराज और झांसी में भी सुबह से बादल छाए रहे। इससे गलन बढ़ गई और तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार, दिसंबर के बचे दिनों में बदली रहेगी। अगले 5 दिनों में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट आएगी। सूर्यदेव के दर्शन मुश्किल होंगे।

मप्र के 22 जिलों में बारिश, कई जगहों पर पारा 10 डिग्री से नीचे

बीते 24 घंटे में मध्यप्रदेश के 22 से ज्यादा जिलों में तेज और रिमझिम बारिश के साथ ओले भी गिरे। शीतलहर ने यहां लोगों को कंपकंपा दिया। प्रदेश के कई जिलों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे चल रहा है। मंगलवार की रात धार और पचमढ़ी सबसे ठंडे रहे। यहां तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार दोपहर 12 बजे तक कई जिलों में सूरज के दर्शन नहीं हुए।

राजस्थान में बारिश का दौर थमा, पारा 10 डिग्री से नीचे

राजस्थान में तीन दिन चला बारिश का दौर आज थम गया। जयपुर समेत पूरे राज्य में आज मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। हालांकि सुबह में ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। ज्यादातर शहरों का न्यूनतम तापमान 4 से लेकर 8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। जयपुर मौसम केन्द्र ने आने वाले दिनों में तापमान गिरने और नए साल से उत्तरी हवाओं के चलने की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली में बारिश के बाद और ज्यादा ठंड बढ़ी

राजधानी दिल्ली में बढ़ती ठंड से बचने के लिए लोग कई जगह आग ताप रहे हैं तो कई जगह लोग चाय पीकर खुद को ठंड से बचा रहे हैं। एक व्यक्ति ने बताया कि जब से बारिश हुई है तब से ठंड काफी बढ़ गई है, हमे इससे काफी परेशानी हो रही है।

रायपुर में दिसंबर में बारिश का 11 साल का रिकॉर्ड टूटा

चक्रवाती हवाओं की वजह से छत्तीसगढ़ में मंगलवार से हो रही बारिश, दिसंबर में अब तक की सबसे भारी बारिश साबित हो रही है। सबसे ज्यादा बारिश रायपुर में दर्ज हुई है। यहां एक नया रिकॉर्ड बना है। मौसम विभाग के रिकॉर्ड में 9 दिसंबर 2010 को 24 घंटे के दौरान रायपुर में 64.1 मिलीमीटर बारिश का रिकॉर्ड था। मंगलवार शाम से बुधवार सुबह 8.30 बजे तक ही यहां 66 मिलीमीटर पानी गिर चुका है। वहीं बारिश के आसार अब भी बने हुए हैं।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट