इंदौर। गुरुवार सुबह के समय हवा शांत रही, वहीं धूप निकलने के बाद पश्चिमी हवा 8 से 10 किमी प्रतिघंटा की गति से चली। ऐसे में अभी गर्मी के तेवर ढीले पड़े दिखाई दे रहे हैं। मंगलवार को जहां एकाएक तापमान में इजाफा होने के बाद गर्मी से लोग परेशान हुए, वहीं बुधवार से दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।
गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 25 फरवरी के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से खंडवा, खरगोन व उज्जैन जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके असर से 25 फरवरी के बाद इंदौर में हल्के बादल छाएंगे और दिन व रात के तापमान में गिरावट होगी।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई जा रही है। मौसम के मुताबिक इंदौर सहित प्रदेशभर में ठंड का दौर खत्म होने की ओर है। ऐसे में आने वाले समय में धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी दिखाई देगी। मार्च माह के दूसरे सप्ताह से गर्मियों का तीव्र का असर देखने को मिल सकता है। इस वर्ष लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड का असर ज्यादा समय तक इंदौर में दिखाई दिया है। आगामी दिनों में आने वाले पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा शक्तिशाली नहीं होंगे इस वजह से तापमान में ज्यादा गिरावट देखने को नहीं मिलेगी।