“विराट का, विराट शतक” - Mradubhashi - MP News, MP News in Hindi, Top News, Latest News, Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest News in Hindi
/

“विराट का, विराट शतक”

विराट कोहली….सिर्फ उनका नाम ही विराट नहीं है, उनका व्यक्तित्व विराट है, उनकी उपलब्धियां विराट है, उनकी कामयाबी का सफर विराट है, उनका जीने का अंदाज विराट है और इन सबसे बढ़कर उनके चाहनेवालों की तादाद भी काफी विराट है। विराट नाम, विशाल व्यक्तित्व, अदभुत शख्सियत और असंख्य संभावनाओं को अपने में समेटे भारतीय क्रिकेट के नामचीन सितारे विराट कोहली, जिन्होने दुनियाभर में हिंदुस्तान का नाम रोशन किया, कि जब हम बात करते हैं तो कई रिकॉर्ड पीछे छूट जाते हैं और नए रिकॉर्ड बनाने की ओर वह अग्रसर दिखाई देते हैं। एक ऐसा ही रिकॉर्ड उन्होंने अपने नाम किया है….

विराट की विशाल उपलब्धि

कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके विराट कोहली के नाम एक और उपलब्धि उस वक्त दर्ज हो गई, जब इंस्टाग्राम पर उनके चाहनेवालों का आंकड़ा 100 मिलियन को क्रास कर गया। विराट हिंदूस्तान के पहले क्रिकेटर है जिन्होंने यह कामयाबी हासिल की है। फिलहाल इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फालोअर्स विराट कोहली के हैं और उनके बाद अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा का नंबर आता है। इस मामले में विराट पीएम नरेंद्र मोदी और अभिनेता अक्षय कुमार से भी आगे हैं।

प्रशंसकों के दिलों पर करते हैं राज

कई कीर्तिमान कायम कर चुके विराट जब मैदान पर उतरते हैं तो रनों की झड़ी लगने के साथ रिकॉर्ड के टूटने का सिलसिला भी शुरू हो जाता है। बस इसी बात से उनके चाहने वालों की दीवानगी हर हद को पार कर जाती है और सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों की तादाद कई गुना बढ़ जाती है। विराट की हर अदा का जुनून उनके प्रशंसकों पर इस हद तक छाया हुआ है कि उन्होंने हिंदुस्तान की नामचीन शख्सियतों को पीछे छोड़ते हुए एक अनोखा लोगों के दिलों पर राज करने वाला रिकॉर्ड अपने नाम किया है।

अभिनेत्री अनुष्का शर्मा से हुई है शादी

हरदिल अजीज और जिंदगी को जिंदादिली से जीने वाले विराट कोहली का जन्म 5 नवंबर 1988 को दिल्ली में हुआ था। उनके पिता का नाम प्रेम कोहली और माता का नाम सरोज कोहली है। पिता ख्यात वकील थे । मां घर का काम संभालती है। विराट कोहली की शादी मशहूर अभिनेत्री अनुष्का शर्मा से 11 दिसंबर 2017 को इटली के मशहूर रिजॉर्ट टस्कनी में हुई थी। 11 जनवरी 2021 को विराट-अनुष्का के घर किलकारियां गूंजी और अनुष्का ने एक बेटी को जन्म दिया।

आठ साल की उम्र में थामा बल्ला

महज आठ साल की उम्र में विराट ने अपने हाथों में बल्ला थाम लिया था और क्रिकेट क्लब से इस खेल की बारिकियों को सीखने में लग गए। 2002 में विराट कोहली को पहली बार दिल्ली की अंडर-15 टीम में शामिल किया गया। 2008 में उनको भारत की अंडर-19 टीम की कमान सौंपी गई और उन्होंने अपने चयन को सही साबित करते हुए 2008 का अंडर-19 वर्ल्ड कप भारत के नाम कर दिया।

2009 में किया अंतराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण

2009 में उन्होंने अंतराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा और उसके बाद कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट अब तक 70 शतक लगा चुके हैं वनडे में 43 और टेस्ट में 27 शतक वे लगा चुके हैं। दो टीमों के खिलाफ लगातार तीन वनडे शतक लगाने वाले विश्व के एकमात्र खिलाड़ी है। विराट ये कारनामा श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ कर चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में लगातार चार सीरीज में चार दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं। वनडे में लक्ष्य का पीछा करते हुए रिकॉर्ड 26 शतक लगाए हैं। विराट कोहली ने वनडे सीरीज में 7 बार 300 से ज्यादा रन बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। अपने पसंदीदा पार्टनर रोहित शर्मा के साथ चार बार 200 रन से ज्यादा की साझेदारी कर रिकॉर्ड बनाया है।

कई सम्मानों से हुए हैं सम्मानित

विराट कोहली को अनेकों सम्मान भी मिले हैं। 2012 मैं उनको ICC प्लेयर ऑफ़ द इयर अवार्ड से नवाजा गया। 2013 में अर्जुन पुरस्कार दिया गया है। 2016,17 और 18 में विजडन लीडिंग क्रिक्टर ऑफ द ईयर से सम्मानित किया गया। 2018 में राजीव गाधी खेल रत्न अवार्ड दिया गया। 2017 में पदमश्री और 2019 में विज्डन क्रिकेटर्स ऑफ द ईयर का खिताब उनको दिया गया।