Twitter X logo: ट्विटर से नीली चिड़िया हट गई है। कंपनी के मालिक एलन मस्क ने दूसरी बार ट्विटर का लोगो बदला है। अब ट्विटर का लोगो X हो गया है। इससे पहले कंपनी खरीदने के डेढ़ महीने बाद ट्विटर का लोगो कुत्ता कर दिया गया था। दो-तीन बाद ही मस्क ने फिर नीली चिड़िया को ही ट्विटर का लोगो बना दिया था। अब इस बार एलन मस्क ने अपनी कंपनी X.com को Twitter.com से जोड़ दिया है। इसका मतलब यह है कि x.com लिखने पर आप सीधे ट्विटर की वेबसाइट पर पहुंचेंगे।
मस्क ने अपनी प्रोफाइल पिक बदलकर ‘X’ लगा दी है। एक वीडियो भी पिन किया है, जिसमें ट्विटर का लोगो एक्स में बदलते हुए दिख रहा है। X एक ऐसा प्लेटफॉर्म होगा, जो सब कुछ डिलीवर कर सकता है। यानी पेमेंट, बैंकिंग और ई-कॉमर्स जैसी सर्विस। ट्विटर की CEO लिंडा याकारिनो ने कहा बताया कि AI पावर्ड ‘X’ हमें उन तरीकों से जोड़ेगा, जिनकी हम कल्पना करना शुरू कर रहे हैं। बीते दिनों मस्क ने कहा था कि वह इस प्लेटफॉर्म को X, एवरीथिंग एप में बदलने के लिए लिंडा के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं।
दरअसल, एलन मस्क का X से साल 1999 से नाता है। उस समय उन्होंने ऑनलाइन बैंकिंग कंपनी X.com बनाई थी। इसे बाद में एक अन्य कंपनी के साथ मर्ज किया था, जो पेपल बनी। मस्क ने 2017 में PayPal से यूआरएल X.com को फिर से खरीद लिया था। उन्होंने कहा था कि इस डोमेन का उनके लिए “बहुत भावुक मूल्य है। उनकी एक और कंपनी spacex में भी एक्स की झलक दिखाई देती है। उनकी नई AI कंपनी का नाम भी XAI है। मस्क ने 2020 में एक बेटे का नाम X Æ A-12 मस्क रखा था। Æ का उच्चारण ऐश होता है।
ट्विटर का CEO बनने के बाद मस्क ने लिए हैं ये बड़े फैसले
एलन मस्क ने 27 अक्टूबर 2022 को 44 बिलियन डॉलर में ट्विटर खरीदा है। तब से वह कई बड़े फैसले चुके हैं। इन फैसलों के कारण विवाद में भी रहे, लेकिन लगातार फैसले लेते रहे हैं। मस्क ने ट्विटर खरीदने के बाद सबसे पहले कंपनी के चार टॉप ऑफिशियल्स को बाहर निकाल दिया था। इन लोगों में कंपनी के CEO पराग अग्रवाल, फाइनेंस चीफ नेड सेगल, लीगल एग्जीक्यूटिव्स विजया गड्डे और सीन एडगेट थे। मस्क ने जब ट्विटर की कमान संभाली थी तो कंपनी में 7500 कर्मचारी थे, लेकिन अब 2500 कर्मचारी हैं।
मस्क ने नवंबर 2022 में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई ब्लॉक अकाउंट को अनब्लॉक किया था। उन्होंने ट्विटर पर ट्रंप की वापसी को लेकर पोल कर पूछा था- क्या प्रेसिडेंट ट्रंप का अकाउंट बहाल किया जाना चाहिए। हां या ना। 1.5 करोड़ से ज्यादा यूजर्स ने वोटिंग में हिस्सा लिया और 52% लोगों ने हां में जवाब दिया था।
मस्क ने दुनियाभर में ब्लू सब्सक्रिप्शन लांच किया है। भारत में वेब यूजर्स के लिए ब्लू सब्सक्रिप्शन का शुल्क 650 रुपए है। मोबाइल के लिए सब्सक्रिप्शन चार्ज 900 रुपए प्रति महीना है। इसमें ब्लू टिक, लंबे वीडियो पोस्ट समेत कई फीचर्स हैं। पोस्ट कैरेक्टर लिमिट 280 से बढ़ाकर 25 हजार कर दी गई। पोस्ट पढ़ने की लिमिट भी तय हुई है। वेरिफाइड यूजर एक दिन में 10 हजार पोस्ट पढ़ सकते हैं। अनवेरिफाइड यूजर एक हजार पोस्ट और नए अनवेरिफाइड यूजर रोजाना 500 पोस्ट ही पढ़ पा रहे हैं।