Mradhubhashi
Search
Close this search box.

रतलाम में पसरी गंदगी को देखकर कलेक्टर हुए सख्त नाराज, नालों पर निर्माण की लीज के डाक्यूमेंट मांगे

रतलाम। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने बुधवार दोपहर में शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। निगम के अधिकारियों को साथ लेकर निकले कलेक्टर को शहर के विभिन्न स्थानों पर पसरी गंदगी, कचरे के ढेर दिखने पर वह सख्त नाराज हुए। कड़े लहजे में निगमायुक्त को गंदगी के विरुद्ध अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस निरीक्षण में खासतौर पर उन स्थानों को भी देखा जहां नालो के आसपास अतिक्रमण कर लिया गया है अथवा नालों पर ही संरचनाएं निर्मित कर दी गई हैं। नालों में व्याप्त गंदगी को भी देखा और निगम की सफाई व्यवस्था के प्रति गहरा असंतोष जाहिर किया। निगमायुक्त श्री सोमनाथ झारिया, कार्यपालन यंत्री श्री सुरेश व्यास, श्री जी.के. जायसवाल, सहायक यंत्री श्री श्याम सोनी, स्वास्थ्य अधिकारी श्री ए.पी. सिंह भी साथ में थे।

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने शास्त्री नगर कॉलोनी में नाले की स्थिति का निरीक्षण किया। नाले में व्यापक गंदगी थी। निगम आयुक्त द्वारा बताया गया कि रोड के साथ ही पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण पूर्ण हो जाने के पश्चात गंदगी का निपटारा भी आसानी से हो जाएगा। नाले के ऊपर ही कुछ दूरी पर स्थित एक मल्टी देखे जाने पर कलेक्टर ने कहा की नाले पर निर्माण की अनुमति कैसे जारी हो गई, नक्शा कैसे पास हो गया। कालोनी की रहवासी एक महिला ने कलेक्टर को उनके मकान के पास भी गंदगी की शिकायत की जो मंडी की दीवार के समीप स्थित है। नाले के समीपस्थ मकानों के सामने भी वासियों द्वारा किया गया कचरे का ढेर देखने पर कलेक्टर ने निर्देशित किया कि उक्त रहवासियों पर जुर्माना किया जाए।

आगे चलकर न्यू रोड पर भी नाला देखा गया, यहां भी नाले पर निर्माण पाया गया। कलेक्टर ने निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालों पर निर्मित संरचनाओं को हटाया जाकर अन्य स्थानों पर विस्थापित किए जाने हेतु योजना तैयार की जाए। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि निगम अधिकारी नालों के ऊपर निर्माण के लिए पूर्व में दी गई लीज के दस्तावेज समक्ष में प्रस्तुत करें, साथ ही नालों का सीमांकन भी किया जाए। कलेक्टर ने अजंता पैलेस होटल रोड समीपस्थ नाले का भी निरीक्षण किया। यहां भी कचरे का ढेर पाया गया। गंदगी साफ करने, कचरा हटाने के निर्देश कलेक्टर ने निगमायुक्त को दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर नगर निगम से होते हुए मुख्य बाजार एवं चांदनीचौक से होते हुए त्रिपोलिया गेट एवं अमृतसागर तालाब पर पहुंचे। इस दौरान शहर में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कलेक्टर ने मुख्य मार्गों एवं बाजार का निरीक्षण किया। साथ मौजूद निगमायुक्त श्री झारिया ने बताया कि आबकारी चौराहे से लेकर चांदनीचौक, त्रिपोलिया गेट तक फोरलेन निर्माण की योजना है डीपीआर तैयार की जा रही है।

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने अमृत सागर तालाब पहुंचकर झील संरक्षण योजना के तहत किए जा रहे कार्य का निरीक्षण किया। हार्वेस्टर मशीन द्वारा जलकुंभी सफाई की धीमी गति से सख्त नाराज हुए। तालाब से कचरा, जलकुंभी, गाद निकाली जाकर सड़क के दूसरी ओर एकत्रित की जा रही है, कचरे के ढेर को देखकर कलेक्टर नाराज हो गए। सफाई अधिकारी सहित तालाब पर तैनात तीन इंजीनियर्स के प्रति सख्त नाराजगी व्यक्त की गई। उनका वेतन तब तक आहरित करने के निर्देश नहीं दिए जब तक कि कचरे के ढेर को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाकर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण नहीं कर लिया जाए। इसके अलावा तालाब के किनारे पर निर्माण सामग्री पड़ी देखकर भी नाराजगी व्यक्त की गई। तालाब के अलावा शहर में अन्य सभी स्थानों पर जहां बिल्डिंग मटेरियल अनाधिकृत रूप से रखा हुआ है उसे हटाने के लिए अभियान संचालित करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। तालाब के वेस्ट वियर का कार्य भी धीमी गति से होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए वर्षा के पूर्व कार्य संपूर्ण करने के निर्देश दिए। ठेकेदार पर सख्त नाराजगी व्यक्त की गई। अमृत सागर तालाब में किनारों से लोगों द्वारा कचरा फेंका जा रहा है यह देखकर कलेक्टर द्वारा किनारों पर जाली लगाने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने हॉट रोड पर भी मौजूद नाले का निरीक्षण किया। यहां भी गंदगी व्यापक रूप से पाई गई जिस पर स्वास्थ्य अधिकारी को कड़े रूप से निर्देशित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि निगम को अतिरिक्त पोकलैंड मशीनों की आवश्यकता है तो किराए पर ले सकता है परंतु कार्य में धीमी गति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफाई के बाद मलबा उठाने का कार्य त्वरित गति से किया जाए। इस संबंध में नागरिकों द्वारा कलेक्टर से शिकायत भी की गई। इसके अलावा रोडवेज बस स्टैंड के समीप बंद पड़ी पुरानी पुलिस चौकी परिसर में भी गंदगी देखकर कलेक्टर ने वाहन रोका और साथ मौजूद निगमायुक्त को गंदगी हटाने के निर्देश दिए।

अर्चित अरविन्द डांगी { मध्यप्रदेश, रतलाम }

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट