Mradhubhashi

शहर में पहली बार बाबा महाकाल की तर्ज पर निकली राज-राजेश्वर की भव्य पालकी

शहर में पहली बार बाबा महाकाल की तर्ज पर निकली राज-राजेश्वर की भव्य पालकी (1)

प्रजा का हाल जानने पालकी में सवार होकर निकले राज-राजेश्वर महादेव

विवेक शर्मा -अशोकनगर – सावन के आखिरी सोमवार को शहर में पहली बार भगवान राज-राजेश्वर की भव्य पालकी यात्रा निकली। नगर के अधिष्ठात्रा माने जाने वाले भगवान राज-राजेश्वर की सवारी को लेकर भक्तों में जबर्दस्त उत्साह और श्रद्धा देखी गई। हजारों की संख्या में भक्तों ने पालकी यात्रा में सम्मिलित होकर धर्मलाभ लिया।

उल्लेखनीय है कि श्रीराज राजेश्वर महादेव मंदिर समिति द्वारा पहली बार महाकाल यात्रा की तर्ज पर श्रावण मास में भगवान शिव की पालकी यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया था। यात्रा का काफी समय पहले से प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा था। शहर के पुराने बाजार में स्थित श्री राजराजेश्वर महादेव मंदिर से दोपहर 2 बजे से यात्रा प्रारंभ होनी थी। श्रद्धालु समय से काफी पहले ही मंदिर के समक्ष एकत्रित होने लगे थे। ठीक 2 बजे जयकारों के साथ भगवान श्री राजराजेश्वर को पालकी में विराजमान किया गया। भगवान का आकर्षक श्रृंगार भी किया गया था।

इसके पश्चात यात्रा प्रोशेसन रोड, इन्दिरा पार्क, सुभाषगंज, हाथी गेट से होकर गांधी पार्क पहुंची। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने राजराजेश्वर भगवान की आरती उतारी। पालकी यात्रा के स्वागत के लिए जगह-जगह स्वागतद्वार लगाए गए थे। पुष्प वर्षा कर और रंगोली बनाकर भी पालकी यात्रा का स्वागत किया गया।

गांधी पार्क पर हुई गंगा आरती-
स्टेशन रोड से होते हुए पालकी यात्रा गांधी पार्क पहुंची तो यहां गंगा आरती की गई। गंगा आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए और भक्ति-भाव के साथ गंगा आरती की।

जनप्रतिनिधि भी हुए शामिल-
शहर में पहली बार निकली श्री राजराजेश्वर महादेव की पालकी यात्रा में आम से लेकर खास हर कोई पूरे भक्तिभाव के साथ शामिल हुआ। सांसद डॉ.केपी यादव, विधायक जजपाल सिंह जज्जी, नगरपालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया सहित भाजपा कांग्रेस के अनेक नेता पालकी यात्रा में शामिल हुए और भगवान को प्रणाम किया।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट