Mradhubhashi
Search
Close this search box.

32 साल की अल्प आयु में ली समाधी, 8 साल की उम्र में वेदों-उपनिषदों के हो गए जानकार, जानिए आदि गुरु शंकराचार्य की पूरी कहानी

शंकराचार्य 32 साल की अल्प आयु में ली समाधी,

आरती शर्मा/ 25 अप्रैल को आदि शंकराचार्य की जयंती है। उनका जन्म 788 ई. में वैशाख मास की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर हुआ था। आदि शंकराचार्य ने 8 साल की आयु में ही सभी वेदों का ज्ञान प्राप्त कर लिया था।गुरु शंकराचार्य भारतीय गुरु और दार्शनिक थे, उनका जन्म केरल के कालपी नामक स्थान पर दक्षिण भारत के नम्बूदरी ब्राह्मण वंश में हुआ था। आज इसी वंश के ब्राह्मण बद्रीनाथ मंदिर के पुरोहित होते हैं। ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य की गद्दी पर नम्बूदरी ब्राह्मण ही बैठते हैं। आदि गुरु शंकराचार्य ने अद्वैत वेदांत के दर्शन का विस्तार किया था। उन्होंने उपनिषदों, भगवद गीता और ब्रह्मसूत्रों के प्राथमिक सिद्धांतों जैसे हिंदू धर्मग्रंथों की व्याख्या एवं पुनर्व्याख्या की। आदि शंकराचार्य को भगवान शिव अवतार के रूप मे भी माना जाता है।

अल्प आयु में ली समाधी

ऐसा माना जाता है कि 820 ई. में सिर्फ 32 साल की अल्प आयु में शंकराचार्य जी ने केदारनाथ क्षेत्र में समाधी ले ली थी। उनकी समाधी केदारनाथ मंदिर के पीछे स्थित है। केदारनाथ मंदिर का जिर्णोद्धार उन्होंने ही करवाया था हालांकि शंकराचार्य जी के जन्म और समाधि लेने के साल को लेकर कई प्रकार के मतभेद भी हैं। आदि शंकराचार्य 8 साल की उम्र में सभी वेदों और उपनिषदों के जानकार हो गए थे। उन्होंने भारत की यात्रा की और चारों दिशाओं में चार पीठों की स्थापना की थी। जो कि आज के चार धाम के रूप में जाने जाते है। शंकराचार्य जी ने गोवर्धन पुरी मठ (जगन्नाथ पुरी), श्रंगेरी पीठ (रामेश्वरम्), शारदा मठ (द्वारिका) और ज्योतिर्मठ (बद्रीनाथ धाम) की स्थापना की थी।

देश में सांस्कृतिक एकता

भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता के लिए आदि शंकराचार्य ने विशेष व्यवस्था की थी। उन्होंने उत्तर भारत के हिमालय में स्थित बदरीनाथ धाम में दक्षिण भारत के ब्राह्मण पुजारी और दक्षिण भारत के मंदिर में उत्तर भारत के पुजारी को रखा। वहीं पूर्वी भारत के मंदिर में पश्चिम के पुजारी और पश्चिम भारत के मंदिर में पूर्वी भारत के ब्राह्मण पुजारी को रखा था। जिससे भारत चारों दिशाओं में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से मजबूत हो रूप से एकता के सूत्र में बंध सके।

धर्म और संस्कृति की रक्षा

आदि शंकराचार्य ने दशनामी संन्यासी अखाड़ों को देश की रक्षा के लिए बांटा। इन अखाड़ों के संन्यासियों के नाम के पीछे लगने वाले शब्दों से उनकी पहचान होती है। उनके नाम के पीछे वन, अरण्य, पुरी, भारती, सरस्वती, गिरि, पर्वत, तीर्थ, सागर और आश्रम, ये शब्द लगते हैं। आदि शंकराचार्य ने इनके नाम के मुताबिक ही इन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां दी। इनमें वन और अरण्य नाम के संन्यासियों को छोटे-बड़े जंगलों में रहकर धर्म और प्रकृति की रक्षा करनी होती है। इन जगहों से कोई अधर्मी देश में न आ सके, इसका ध्यान भी रखा जाता है। पुरी, तीर्थ और आश्रम नाम के संन्यासियों को तीर्थों और प्राचीन मठों की रक्षा करनी होती है। भारती और सरस्वती नाम के संन्यासियों का काम देश के इतिहास, आध्यात्म, धर्म ग्रंथों की रक्षा और देश में उच्च स्तर की शिक्षा की व्यवस्था करना है। गिरि और पर्वत नाम के संन्यासियों को पहाड़, वहां के निवासी, औषधि और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए नियुक्त किया गया। सागर नाम के संन्यासियों को समुद्र की रक्षा के लिए तैनात किया गया।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट