इंदौर। शहर में सोमवार को दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। सी-21 मॉल की चौथी मंजिल से कूदकर 75 साल के डॉक्टर मनमोहन सोनी ने आत्महत्या कर ली। घटना दोपहर दो बजे के आसपास की है। डॉ. सोनी सुबह करीब 11 बजे मॉल में पहुंचे थे। उनका ड्राइवर बाहर खड़ा था। इसके चार घंटे बाद डॉ. सोनी ने यह खौफनाक कदम उठाया। घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विजय नगर पुलिस के मुताबिक मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। हालांकि इसका कारण सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि वे रीढ़ की हड्डी के दर्द से परेशान थे।
सिक्योरिटी स्टाफ ने रोका फिर भी नहीं माने
दोपहर करीब सवा तीन बजे जब डॉ. सोनी मॉल की चौथी मंजिल की रैलिंग पर चढ़ने लगे तो सिक्योरिटी स्टाफ और वहां मौजूद लोगों ने चिल्लाकर उन्हें ऐसा करने से रोका, लेकिन वे नहीं रुके और जब तक कोई उन तक पहुंच पाता तब तक वे छलांग लगा चुके थे। वे सिर के बल गिरे थे।
चोइथराम अस्पताल से हुए थे रिटायर्ड
डा. मनमोहन सोनी शहर प्रतिष्ठित चिकित्सक थे। वे चोइथराम अस्पताल में न्यूकलियर मेडिसिन विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। यह विभाग चोइथराम अस्पताल में उन्होंने ही शुरू किया था।