Mradhubhashi
Search
Close this search box.

मप्र में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का सुघोष अभियान

भोपाल। मप्र में मिशन 2023 की तैयारी में जुटी बीजेपी अब सुघोष अभियान के जरिये कांग्रेस को जवाब देगी। बीजेपी के आईटी और सोशल मीडिया विभाग ने इस अभियान को अपने हाथ में लिया है। अभियान का पहला प्रशिक्षण वर्ग शुक्रवार को भोपाल में बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा संगठन महामंत्री हितआनंद शर्मा शामिल होंगे।

सुघोष अभियान के तहत मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होंगे। प्रदेश के हर बूथ पर 2 कार्यकर्ता को मंडल स्तर पर सोशल मीडिया और आईटी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस की सोशल मीडिया गतिविधियों का जवाब देना है।

महाभारत में नकुल ने बजाया था सुघोष शंख

सुघोष नामक शंख का वादन महाभारत का युद्ध प्रारंभ होने के पहले नकुल ने किया था। इसकी ध्वनि नकारात्मक शक्तियों के विध्वंस के लिए उपयोग की गई थी। बीजेपी का कहना है विपक्षी राजनीतिक दल और उनके राजनीतिक संरक्षण में समाज में नकारात्मक शक्तियां लगातार घातक षड्यंत्र रच रही हैं। ऐसी शक्तियों को सोशल मीडिया के माध्यम से समाप्त करने के लिए लोकतांत्रिक और संवैधानिक तौर पर अपनी अभिव्यक्ति को धारदार बनाने के लिए प्रशिक्षण अभियान का नाम सुघोष रखा गया है। वहीं कांग्रेस ने इसका जवाब देते हुए कहा है अब बीजेपी का कोई अभियान काम नहीं करेगा। जनता बीजेपी का शंख बजाएगी।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट