महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने रविवार को राहुल गांधी को बेवकूफ कहा है। वीर सावरकर पर की गई टिप्पणी को लेकर ठाकरे ने राहुल पर यह निशाना साधा है।
राज ठाकरे ने एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस और भाजपा को सलाह दी है। उन्होंने कहा कि अतीत के नेताओं और दिग्गजों पर लड़ने का अब कोई मतलब नहीं है। सावरकर, इंदिरा और पंडित नेहरू जैसे हमारे नेताओं की विरासत को बदनाम करना बंद करें। इन लोगों ने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी है। सभी के कुछ न कुछ पॉजिटिव और निगेटिव पहलु होते हैं। हमें अब उन पर टिप्पणी नहीं करना चाहिए। देश में फिलहाल बेरोजगारी और सुरक्षा जैसे कई मुद्दे हैं, जिनके लिए लड़ना चाहिए।
राज ठाकरे ने राहुल के लिए कहा कि यू इडियट…! सावरकर पर बोलने के लिए आपकी हैसियत नहीं है। ठाकरे ने कहा कि सावरकर ने उस दौरान जो किया, वह उनकी ‘रणनीति’ का हिस्सा था। दरअसल भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में 17 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें उन्होंने मीडिया को एक चिट्ठी दिखाई थी। उन्होंने कहा था कि सावरकर ने ये चिट्ठी अंग्रेजों को लिखी थी। उन्होंने खुद को अंग्रेजों का नौकर बने रहने की बात कही थी। साथ ही डरकर माफी भी मांगी थी। गांधी-नेहरू ने ऐसा नहीं किया, इसलिए वे सालों तक जेल में रहे।
वीर सावरकर के पोते रणजीत सावरकर ने मुंबई के शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में राहुल गांधी और महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले की शिकायत की है। रंजीत ने कहा – राहुल कहते हैं कि सावरकर अंग्रेजों की नौकरी करते थे और उनसे पेंशन लेते थे। सावरकर देश के खिलाफ काम करते थे। राहुल ने ऐसा बोलकर वीर सावरकर का अपमान किया है।