उज्जैन। उज्जैन में एक बार फिर दुर्लभ गैंग एक्टिव हो गई है। शिप्रा नदी के पास दो युवकों को बुरी तरह आरोपियों ने घेरकर पीटा। एक युवक वहीं गिर पड़ा, जबकि दूसरे को दौड़ा-दौड़ा कर मारा गया। हमलावरो ने लोहे की रॉड, लाठी और डंडे से कई वार किए। आरोपियों ने युवक की बाइक भी नदी में फेंक दी। हमला कराने वाला मुख्य आरोपी पीड़ित युवक का ही दोस्त है। उसका दुर्लभ कश्यप गैंग से भी कनेक्शन जुड़ चुका है। वह हत्या के केस में इसी महीने बरी हुआ है। इस मर्डर केस में दुर्लभ भी आरोपी था। दुर्लभ की 2020 में हत्या हो चुकी है।
झगड़ा मकान पर कब्जे को लेकर है। दरअसल गोविंद माली और उसके दोस्त विजय को घेरकर हमला किया गया है। रविवार को गोविंद गऊघाट पाले के पास रहने वाली बहन से मिलने आया था। लौटते समय वहीं के रहने वाले राहुल माली ने 8-10 साथियों के साथ गोविंद और उसके साथी विजय को घेर लिया।
गोविंद पर रॉड से कई वार किए। इसमें वह गंभीर घायल हो गया। उसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गोविंद के साथी ने भागकर अपनी जान बचाई।
पुलिस ने बताया कि 5 हमलावरों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया है। नदी में फेंकी बाइक भी निकाल ली है। नीलगंगा पुलिस ने 5 हमलावरों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है। हमलावरों ने जिस बर्बरता से हमला किया, उसे लेकर पुलिस हमलावरों का जुलूस भी निकालेगी।