///

किसानों के समर्थन में सड़कों पर उतरी कांग्रेस

भारत बंद के समर्थन में इंदौर कांग्रेस का प्रदर्शन

इंदौर। केंद्र सरकार के कृषि कानून के खिलाफ किसानों द्वारा बुलाए गए बंद का कांग्रेस ने भी समर्थन किया है। इंदौर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बंद को सफल बनाने की कोशिश की। इसी कड़ी में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा की अगुआई में कांग्रेस कार्यकर्ता छावनी अनाज मंडी बंद कराने पहुंचे। लेकिन यहां पहले से ही प्रशासन ने सुऱक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।

कृषि बिल को लेकर किसान सरकार से आर-पार के मूड में हैं। इसी सिलसिले में अलग-अलग किसान संगठनों ने मंगलवार को भारत बंद का आव्हान किया था। हालांकि, मध्य प्रदेश के कई बड़े शहरों में इसका असर नजर नहीं आया। इंदौर में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा की अगुआई में कांग्रेस कार्यकर्ता छावनी अनाज मंडी बंद कराने पहुंचे। लेकिन यहां पहले से ही पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी मौजूद थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां अनाज व्यापारियों से किसानों के समर्थन में दुकानें बंद करने की अपील की।

इस मौके पर सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार कारपोरेट घरानों के दबाव में यह बिल लेकर आई है। उन्होंने आगे कहा कि अरबों-खरबों का चंदा लेकर भाजपा ने चुनाव लड़ा और सरकार बनाई। इसलिए अब अंबानी और अडानी के फायदे के लिए सरकार चलाई जा रही है।

किसानों के भारत बंद को कांग्रेस का समर्थन देने के ऐलान के बाद से ही प्रदेश सरकार अलर्ट थी और सभी बड़े शहरों में सुरक्षा के माकूल इंतजाम किए गए थे। इसी वजह से इंदौर में बंद का ज्यादा असर नहीं दिखा।