Mradhubhashi
Search
Close this search box.

फौजी मेले में सीएम शिवराज ने बंदूक से लगाया निशाना: कहा- जवानों की स्मृति में भोपाल में बने शौर्य स्मारक में लगाएंगे टैंक

फौजी मेले में सीएम शिवराज ने बंदूक से लगाया निशाना: कहा- जवानों की स्मृति में भोपाल में बने शौर्य स्मारक में लगाएंगे टैंक

भोपाल। राजधानी भोपाल के एमवीएम मैदान में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को फौजी मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने सेना के हथियारों को देखा। फौजी मेले में सीएम बंदूक से निशाना लगाते भी दिखे।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, लेकिन किसी ने हमें छेड़ा तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। जितना पुराना हमारा इतिहास है, उतना ही पुराना हमारा शौर्य है। हजारों साल से हमारी संस्कृति दुनिया को दिशा दिखाती रही है। सीएम ने कहा कि हम ऐसे देश में रहते हैं, जहां कहा गया है कि सारी दुनिया ही हमारा परिवार है। अत्यंत प्राचीन राष्ट्र है हमारा। जब पश्चिमी देशों में सभ्यता का सूर्योदय नहीं हुआ था, तब हमारे देश में वेदों की रचना हो गई थी।

शहीद जवानों के प्रति सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने जवानों की स्मृति में भोपाल में शौर्य स्मारक बनाया हैं, यह सेना के शौर्य का प्रतीक है। बच्चों से कहना चाहूंगा कि शौर्य स्मारक जरूर घूमकर आओ। शौर्य स्मारक में अगर हमें टैंक और हथियार मिल जाएं, तो हम उसे ऐसा सजाएंगे कि सेना के शौर्य का सबसे अच्छा प्रकटीकरण होगा। हम सब अपनी सेना पर गर्व करते हैं। उन्होंने कहा कि हम शहीद जवानों को एक करोड़ रुपये की सम्मान निधि देकर उनके प्रति सम्मान प्रकट करते हैं।

सबसे शक्तिशाली भारतीय सेना
सीएम शिवराज ने कहा कि मैं आज गर्व के साथ कहता हूं, विचार, जीवनमूल्य होने के बाद भी अगर हम शक्तिहीन हों, तो दुनिया हमारी बात नहीं सुनती। लेकिन भारत की सेना दुनिया की सबसे शक्तिशाली और सक्षम सेनाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि हजारों साल से हमारी संस्कृति दुनिया को दिशा दिखाती रही है। यूनान, मिस्र, रोम सब मिट गए जहां से, बाकी मगर अभी तक नामोनिशान हमारा है।

धर्म की रक्षा के लिए कार्य कर रही सेना:
सीएम ने कहा कि हम कहते भी हैं धर्म की जय हो और अधर्म का नाश हो। हमारी सेना धर्म की रक्षा के लिए काम करती है। प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो। यही हमारी सेना करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर पाकिस्तान ने हमारे देश की धरती पर अपने नापाक कदम रखने की जुर्रत की तो सर्जिकल और एयर स्ट्राइक हमारे जवानों ने की। चीन ने भी जुर्रत की तो उनके जवानों की गर्दन तोड़कर हमारे जवानों ने फेंक दी। हम तो चैन से होली, दिवाली, दशहरा मनाते हैं। परिवार के साथ रहते हैं लेकिन ये वो हैं जो अपने परिवार से दूर रहकर मां भारती की सेवा करते हैं।

30 हजार जवानों ने दी कुर्बानी:
सीएम शिवराज ने कहा कि सीमा की सुरक्षा करते हुए दुश्मनों का सामना करते हुए सैनिक अपना सर्वोच्च बलिदान देते हैं। आजादी के बाद 30 हजार जवानों ने अपनी शहादत दी है। हमारे वीर कर्नल, जनरल, कैप्टेन, लेफ्टिनेंट और जवानों ने कभी पीठ पर गोली नहीं खाई, हमेशा छाती पर गोली खाई है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट