Mradhubhashi
Search
Close this search box.

सीएम बोले- सिर्फ नेहरू-गांधी खानदान को जानती है कांग्रेस

सीएम बोले- सिर्फ नेहरू-गांधी खानदान को जानती है कांग्रेस (1)

रानी कमलापति पर बयान देकर फंसे नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, भाजपा ने बनाया मुद्दा, बताया आदिवासियों का अपमान

भोपाल – रानी कमलापति को लेकर बयान देकर नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह फंसते नजर आ रहे हैं। भाजपा ने इसे मुद्दा बनाते हुए रानी कमलापति के अपमान को गोंड-आदिवासियों का अपमान बताया है। इस मुद्दे पर सोनिया गांधी से लेकर कमलनाथ तक से सवाल किए हैं। इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि गांधी-नेहरू परिवार के अलावा कांग्रेस के लिए देश में कोई दूसरा महापुरुष और क्रांतिकारी ही नहीं हुआ।

सीएम शिवराज ने स्मार्ट सिटी पार्क में मीडिया से बातचीत में कहा कि मुझे आश्चर्य है कि कांग्रेस सिर्फ एक खानदान का नाम जानती है। वह भी गांधी- नेहरू खानदान। उस खानदान के अलावा कोई महापुरुष हुआ ही नहीं। रानी कमलापति भोपाल की अंतिम हिंदू शासक थी, गोड रानी थी, स्वाभिमानी थी। कांग्रेस बताए कि यह कमला पार्क नाम किसके नाम पर रखा गया।

सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी क्रांतिकारियों और देश के बाकी महापुरुषों का सम्मान नहीं किया। मुझे गर्व है कि भाजपा की सरकार आने के बाद सभी महापुरुष और क्रांतिकारियों को महिमामंडन करने और उनके बलिदान और उनके काम को सामने लाने का काम किया जा रहा है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन किया।

यह प्रदेश के आदिवासी भाई-बहनों का अपमान

सीएम ने कहा कि मेडम सोनिया गांधी को जवाब देना चाहिए कि वह रानी कमलापति को जानती है? या कांग्रेस का यही दृष्टिकोण है। यह अपमान प्रदेश के आदिवासी भाई बहनों का अपमान है। यह अपमान एक प्रतापी महिला जिन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया उनका अपमान है। यह हमारी संस्कृति, जीवनमूल्यों और परंपरा का अपमान है। इस अपमान को प्रदेश और देश सहन नहीं करेगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा बोले-कांग्रेस नेता माफी मांगे

इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने रविवार को रानी कमलापति के अपमान को गोंड समाज का अपमान बताया। उन्होंने सोनिया गांधी से लेकर कमलनाथ से पूछा कि आप गोविंद सिंह के बयान से सहमत है क्या? यदि सहमत नहीं हो तो आदिवासी समाज गोंड सम्प्रदाय से आपको माफी मांगनी चाहिए। शर्मा ने कहा कि हमेशा से ही कांग्रेस का यही कैरेक्टर रहा है। शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश के अंदर भारतीय जनता पार्टी का अनुसूचित जनजाति मोर्चा इसका कड़ा विरोध और प्रतिकार करेगा।

यह बोले थे गोविंद सिंह

आंबेडकर जयंती पर एक कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता गोविंद सिंह ने रानी कमलापति को लेकर कहा था कि रानी कमलापति को कोई नहीं जानता, ढूंढ-ढूंढकर भाजपा नाम रख रही है। इस बयान का वीडियो वायरल हो रहा है।

18वीं शताब्दी की वीरांगना थीं रानी कमलापति

रानी कमलापति 18वीं शताब्दी की भारत की एक रानी और वीरांगना थीं। वह भोपाल से 50 किलोमीटर दूर स्थित गिन्नौरगढ़ के गोंड राजा निजाम शाह की पत्नी थीं। नवम्बर 2021 में भोपाल के ‘हबीबगंज नामक रेलवे स्टेशन का नाम ‘रानी कमलपति रेलवे स्टेशन’ किया गया। 16वीं सदी में भोपाल गोंड शासकों के अधीन था।

इधर… गोविंद सिंह बोले- तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा बयान

रानी कमलापति पर दिए बयान के विरोध में भाजपा के आक्रामक तेवर के बाद गोविंद सिंह ने सफाई दी हैं। रविवार को उन्होंने कहा कि भाजपा उनके बयान को तोड़मरोड़ कर पेश कर रही है। मैंने तो यह कहा था कि 18 साल बाद भाजपा को क्यों नाम बदलने की याद आई। मैंने रानी कमलापति के खिलाफ नहीं बोला। भाजपा को चुनाव के समय ही आदिवासियों की याद क्यों आती हैं।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट