Mradhubhashi
Search
Close this search box.

सीएम शिवराज की बड़ी घोषणा- ओलंपिक में पदक लाने वाले खिलाड़ियों को बनाएंगे डीएसपी और डिप्टी कलेक्टर

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के रवींद्र भवन में सोमवार शाम हुए शिखर खेल अलंकरण समारोह में बड़ी घोषणाएं की। उन्होंने मेडल लाने वाले 10 खिलाड़ियों को सब इंस्पेक्टर और 50 खिलाड़ियों को आरक्षक पद पर नियुक्त करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही ओलंपिक में पदक लाने वाले खिलाड़ियों को डीएसपी और डिप्टी कलेक्टर के पद पर नियुक्त करने की घोषणा की। दरअसल, राजधानी भोपाल में सोमवार को केंद्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर और मुख्यमंत्री शिवराज ने एमपी शिखर खेल अलंकरण समारोह में खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इसके साथ ही खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 के प्रतीक चिन्ह का भी अनावरण किया। कार्यक्रम में प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया भी मौजूद रहीं।

खेल जिंदगी का हिस्सा और जिंदगी भी खेल ही

सीएम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। खेल जिंदगी का अहम हिस्सा है और जिंदगी भी खेल ही है। उन्होंने आगे कहा कि मध्यप्रदेश में कई तरह के आयोजन हो रहे हैं। प्रवासी भारतीय सम्मेलन, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट होना है। हमारा मध्यप्रदेश बदल रहा है। लगातार आगे बढ़ रहा है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहता हूं।

मप्र में खेलो इंडिया का पांचवां संस्करण

मध्यप्रदेश में 31 जनवरी 2023 से 11 फरवरी 2023 तक खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 के 5वें संस्करण का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के 8 शहरों भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, मंडला, महेश्वर और बालाघाट में खेलो इंडिया का आयोजन किया जाएगा। इसमें 30 खेलों में 7 हजार से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे।

खेलो इंडिया का लोगो जारी

मध्यप्रदेश में अगले महीने खेलो इंडिया होने वाला है। इसका लोगो केंद्रीय खेल एवं युवक कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जारी किया। लोगो में मप्र विधानसभा भवन, बाबा महाकाल का मंदिर और चीते शामिल हैं।

मप्र में खेलों में दो दशक में आया बड़ा बदलाव

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश में पिछले दो दशक में खेलों में बड़ा बदलाव आया है। 2004 में मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था। अन्य क्षेत्रों में शिवराजजी के नेतृत्व में बहुत बदलाव हुआ। खेलों में भी जबरदस्त बदलाव हुआ। मैंने आज भोपाल आने के बाद यहां खेल के मैदान, स्टेडियम देखे। यहां शूटिंग रेंज का जो कैम्पस बना है, वह देश का सबसे खूबसूरत शूटिंग रेंज है। उस समय सीना चौड़ा हो जाता है, जब कोई खिलाड़ी विदेश में जाकर मेडल जीतता है और हमारा राष्ट्रगान बजाया जाता है।

खेल प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

मध्यप्रदेश शिखर खेल अलंकरण समारोह में 2020 की खेल प्रतिभाओं को एकलव्य, विक्रम, विश्वामित्र और लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट