चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ निगम चुनाव में अपना दमखम दिखाया है। आप ने 14 सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल को करारी शिकस्त दी है।
आप ने जीती 14 सीटें
दिल्ली फतह के बाद पंजाब में अपने कदम बढ़ा रही आप को चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव ने खुश होने का मौका दिया है। चंडीगढ़ नगर निगम के लिए 35 सीटों के चुनाव हुए थे इनमें से 14 सीटे आप ने जीती है। भारतीय जनता पार्टी के खाते में 12, कांग्रेस ने 8 और अकाली दल ने 1 सीट जीती है।
भाजपा के दिग्गज हारे
पहली बार चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में उतरी आप ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बड़ी पार्टी के दिग्गजों को मात दी। आप प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी और सिटिंग मेयर रविकांत शर्मा को हरा दिया है। हालांकि आप पार्टी चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख चंदर मुखी शर्मा चुनाव हार गए हैं। भाजपा के पूर्व महापौर रविकांत शर्मा को वार्ड नंबर 17 से आप उम्मीदवार जसबीर सिंह ने हराया। भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मेयर दवेश मौदगिल भी चुनाव हार गए हैं। इसके साथ ही भाजपा के अन्य दो पूर्व मेयर भी हारे हैं।
आप ने बताई जनता की जीत
चुनाव परिणामों पर आम आदमी पार्टी ने खुशी जताई है। दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा, ” आम आदमी पार्टी वहां पहली बार चुनाव लड़ रही है और मौजूदा रूझानों के मुताबिक चंडीगढ़ की जनता ने हमारा भव्य स्वागत किया है। मैं इसके लिए हर मतदाता और पार्टी कार्यकर्ता को धन्यवाद देना चाहता हूं।”