उज्जैन: बड़नगर कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल को इंदौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करण मोरवाल दुष्कर्म के मामले में फरार था। इंदौर पुलिस ने करण मोरवाल की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी उसकी गिरफ्तारी के लिए इंदौर पुलिस को 48 घंटे का वक्त दिया था।
कांग्रेसी नेत्री ने लगाया था दुष्कर्म का आरोप
कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल को इंदौर पुलिस ने शाजापुर के पास मक्सी से गिरफ्तार कर लिया है। करण मोरवाल पर 25 हजार का इनाम इंदौर पुलिस ने घोषित किया था और करण मोरवाल लंबे समय से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहा था। दरअसल करण मोरवाल पर कांग्रेसी नेत्री ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था और महिला थाने इंदौर में दुष्कर्म के मामले में एफआईआर दर्ज की थी।
लंबे समय से था फरार
करण मोरवाल को पकड़ने के लिए पुलिस ने चार टीमों का गठन किया था, 4 टीम में लगभग 30 पुलिसकर्मी थे और क्राइम और खुफिया की टीम पकड़ने में लगी थी। सोमवार सुबह पुलिस ने अलग-अलग जगह छापेमार कार्रवाई की। मक्सी के एक फार्म हाउस पर करण मोरवाल की जानकारी लगने पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई की थी जहां से वह फरार हो गया था। भागते समय मक्सी के पास से पुलिस ने करण मोरवाल को गिरफ्तार कर लिया।