नई दिल्ली। अगले साल होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित कर दी है। नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 80 सदस्य शामिल हैं, लेकिन सूची में से वरुण गांधी, मेनका गांधी और विनय कटियार के नाम गायब है।
50 हैं विशेष आमंत्रित सदस्य
नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुरली मनोहर जोशी और लालकृष्ण आडवाणी को रखा गया है। भाजपा महासचिव अरूण सिंह की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक कार्यसमिति में 50 विशेष आमंत्रित सदस्य और 179 स्थायी आमंत्रित सदस्य (पदेन) भी होंगे, जिनमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विधायक दल के नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री, राष्ट्रीय प्रवक्ता, राष्ट्रीय मोर्चा अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और संगठक शामिल हैं।
वरुण गांधी ने सरकार पर साधा है निशाना
वरुण गांधी और मेनका गांधी का नाम राष्ट्रीय कार्यकारिणी से हटाने के पीछे उनका लगातार केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते रहना बताया जा रहा है। लखीमपुर खीरी कांड को लेकर योगी सरकार को भी उन्होंने कठघरे में खड़ा किया है। लखीमपुर खीरी कांड में वरुण गांधी हर दिन ट्वीट कर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते रहे हैं। पीलीभीत सांसद वरुण गांधी ने आज लखीमपुर कांड का नया वीडियो सामने आने के बाद ट्वीट किया और कहा कि यह वीडियो बिल्कुल शीशे की तरह साफ है। प्रदर्शनकारियों का मर्डर करके उनको चुप नहीं करा सकते हैं। निर्दोष किसानों का खून बहाने की घटना के लिए जवाबदेही तय करनी होगी। हर किसान के दिमाग में उग्रता और निर्दयता की भावना घर करे इसके पहले उन्हें न्याय दिलाना होगा।’