भोपाल. सांसद प्रज्ञा ठाकुर के घर से दो बेटियों की शादी का फंक्शन विधि विधान के साथ संपन्न कराया गया। सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कन्यादान कर बेटियों को विदा किया। इन दोनों लड़कियों के विवाह की जिम्मेदारी साध्वी प्रज्ञा ने ली थी। इस मौके पर खुद प्रज्ञा ठाकुर भी अन्य महिलाओं के साथ खुशी में डांस करती नजर आईं।
दरअसल भोपाल के निवासी नर्मदा प्रसाद मिश्रा मजदूरी कर अपनी गुजर बसर करते हैं। उनकी दो बेटियां चंचल और संध्या की शादी उज्जैन के एक किसान परिवार में तय हुई थी। लेकिन कोरोना काल में लॉकडाउन लगने के कारण नर्मदा प्रसाद का काम धंधा चौपट हो गया और उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। ऐसे में उन्होने सांसद प्रज्ञा ठाकुर से मदद की गुहार लगाई थी। इसपर सांसद ने वादा किया था कि वो खुद इस शादी की पूरी जिम्मेदारी लेगी।
इन्हीं दोनों लड़कियों की शादी भोपाल में साध्वी प्रज्ञा के घर से हुई और इस दौरान वो जमकर थिरकती हुई भी नजर आईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुनीत कार्य करने का जब सौभाग्य प्राप्त होता है तो उस उत्साह में पैर भी थिरकने लगते हैं ।
कांग्रेस ने इस मौके पर तंज कसते हुए कहा है कि हमारी भोपाल की सांसद बहन प्रज्ञा ठाकुर को जब भी बास्केट बॉल खेलते हुए, बगैर सहारे के चलते हुए या इस तरह ख़ुशी से झूमते हुए देखते है तो बड़ी ख़ुशी होती है।