Mradhubhashi
Search
Close this search box.

2 करोड़ रुपए के घोटाले का खुलासा

2 करोड़ रुपए के घोटाले का खुलासा

कर्मचारियों ने रिश्तेदारों और परिचितों के खातों में डाली 2 करोड़ की आपदा राहत राशि

सीहोर। सीहोर जिले में 2 करोड़ के फर्जीवाड़े का बड़ा मामला उजागर हुआ है, जिसमें जिम्मेदारों ने प्राकृतिक आपदा की राहत राशि पीड़ितों के खाते में डालने के बजाय अपने ही परिचितों के खाते में डाल दी। जिले में 2017-18 व 2021-22 में किसानों की क्षतिपूर्ति की राशि का करीब दो करोड़ का घोटाला प्रारंभिक जांच में सामने आया है। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक किसानों की क्षतिपूर्ति की राशि जिम्मेदार कर्मचारियों द्वारा अपने परिचितों और रिश्तेदारों के खाते में डालकर यह गड़बड़ी की गई है। गबन के मामले में 2018, 2019, 2020, 2021 के बारिश, ओलावृष्टि, प्राकृतिक आपदा क्षतिपूर्ति की राशि फर्जी नाम जोड़कर उनके खातों में डाली गई। बताया जा रहा है कि ग्वालियर के महालेखाकार के ऑडिट में किसानों के नाम मिस मेच होने पर सर्वर में फर्जीवाड़ा सामने आया है।

जब महालेखाकार द्वारा विभिन्न जिलों से किसानों की क्षति पूर्ति के लिए आई राशि का ऑडिट किया गया तो जिन किसानों के खातों में राशि डालना थी उनकी जगह दूसरे लोगों के नाम निकलकर सामने आए। प्रदेश में 12 जिलों में राशि का दुरुपयोग किया गया है, ऑडिट में पता चला कि सीहोर, विदिशा, रायसेन, शिवपुरी, सतना, दमोह, छतरपुर, खंडवा, सिवनी, मंदसौर, आगर, श्योपुर इनमें शामिल है। इन जिलों में करीब 15 करोड़ की राशि की हेराफेरी की संभावना है। अकेले सीहोर जिले में करीब दो करोड़ रुपए के घोटले की बात सामने आ रही है।

171 ट्रांजेक्शन कर भुगतान किया

जिले के इछावर तहसील में मामले को लेकर जब प्रशासन ने जांच की तो 63 लाख 58 हजार 894 रुपए की राशि की हेराफेरी उजागर हुई है। तहसील के नाजिर, कम्प्यूटर ऑपरेटर और ऑपरेटर की पत्नी प्रीति चौरसिया और हल्का पटवारी ने ही अपने खातों में राशि का ट्रांजेक्शन कर लिया। यहां इनके खातों में 171 ट्रांजेक्शन कर भुगतान कर लेना सामने आया है। इसी तरह जिले की तहसील आष्टा और रेहटी में भी खातों में राशि डाली गई है। मामले को लेकर कलेक्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि ऑडिट में मामला उजागर हुआ है, टीम बनाकर जांच के निर्देश दिए हैं। दोषियों पर एफआईआर कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट