Mradhubhashi
Search
Close this search box.

RBI रिपोर्ट में खुलासा: सावधान! बढ़ गए 500 और 20 के नकली नोट

RBI रिपोर्ट में खुलासा: सावधान! बढ़ गए 500 और 20 के नकली नोट

रिपोर्ट में कहा गया कि 2021-22 की तुलना में बीते वित्त वर्ष 500 रुपए के नकली नोटों की संख्या 14.4 प्रतिशत बढ़ गई है।

नई दिल्ली। बाजार में 500 रुपए के नकली नोटों की संख्या पहले के मुकाबले बढ़ गई है। भारतीय रिजर्व बैंक ने मंगलवार को जारी अपनी वार्षिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। रिपोर्ट में कहा गया कि 2021-22 की तुलना में बीते वित्त वर्ष 500 रुपए के नकली नोटों की संख्या 14.4 प्रतिशत बढ़ गई है। वहीं 20 रुपए के नए डिजाइन के नकली नोटों की संख्या 8.4 प्रतिशत बढ़ गई है।

दूसरी ओर 10 रुपए, 100 रुपए और 2,000 रुपए के मूल्यवर्ग में पाए गए नकली नोटों में क्रमश: 11.6 प्रतिशत, 14.7 प्रतिशत और 27.9 प्रतिशत की गिरावट हुई। बता दें कि रिजर्व बैंक ने हाल ही में 2,000 रुपए के नोटों को वापस लेने की घोषणा की है और इन्हें जमा करने या बदलने के लिए 30 सितंबर तक का समय दिया गया है।

RBI रिपोर्ट में खुलासा: सावधान! बढ़ गए 500 और 20 के नकली नोट
RBI रिपोर्ट में खुलासा: सावधान! बढ़ गए 500 और 20 के नकली नोट

95.4 प्रतिशत नकली नोट बैंकों में मिले

आरबीआई की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2022-23 के दौरान बैंकिंग क्षेत्र में पकड़े गए कुल नकली नोटों में से 4.6 प्रतिशत रिजर्व बैंक में और 95.4 प्रतिशत अन्य बैंकों में पाए गए। केंद्रीय बैंक ने उसी वर्ष 78,699 नकली 100 रुपए के नोट और 27,258 नकली 200 रुपए के नोटों की सूचना दी। आरबीआई ने वित्त वर्ष 23 में 9,806 नकली 2000 रुपए के नोट पकड़े।

500 और 10 के नोट ज्यादा सर्कुलेशन में

आरबीआई की रिपोर्ट में कहा गया कि मात्रा के लिहाज से 31 मार्च 2023 तक कुल प्रचलित मुद्रा में 500 रुपए के नोटों की हिस्सेदारी 37.9 फीसदी है, जो सबसे अधिक है। इसके बाद 10 रुपए के नोट का स्थान है, जिनकी हिस्सेदारी 19.2 फीसदी है। मार्च 2023 के अंत तक 500 रुपए के कुल 5,16,338 लाख नोट चलन में थे, जिनका कुल मूल्य 25,81,690 करोड़ रुपए है।

2 और 5 रुपए के नोट बंद नहीं हुए

आरबीआई की रिपोर्ट के मुताबिक इस समय 2 रुपए, 5 रुपए, 10 रुपए, 20 रुपए, 50 रुपए, 100 रुपए, 200 रुपए, 500 रुपए और 2,000 रुपए के नोट चलन में हैं। ज्ञात हो कि इंदौर सहित कई स्थानों पर 2 और 5 रुपए के नोट का लेन-देन करने से लोग इनकार करते हैं। ऐसे में आरबीआई की रिपोर्ट साफ करती है कि 2 और 5 रुपए के नोट लेने से कोई इनकार नहीं कर सकता।

50 पैसे का सिक्का भी चलेगा

रिपोर्ट में कहा गया है कि 50 पैसे, 1 रुपए, 2 रुपए 5 रुपए, 10 रुपए और 20 रुपए के सिक्के भी चलन में शामिल हैं। ज्ञात हो कि 50 पैसे, 1 व 2 रुपए के सिक्के लेने से लोग इन दिनों बच रहे हैं। इन सिक्कों को बट्टे के भाव पर कुछ व्यापारी ले रहे हैं। इंदौर में तो दस साल से ज्यादा समय से 50 पैसे का सिक्का नहीं चल रहा है।

मार्च 2023 तक केवल 10.8% रह गए थे दो हजार के नोट

आरबीआई की रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि वित्त वर्ष 2018-19 से 2,000 रुपए के नोट की छपाई बंद कर दी थी। 2,000 रुपए के करीब 89 प्रतिशत नोट मार्च 2017 से पहले जारी किए गए थे। मार्च 2018 में चलन में मौजूद कुल नोट में 2,000 रुपए के नोट की हिस्सेदारी 37.3% थी जो 31 मार्च, 2023 को घटकर 10.8% रह गई। मूल्य के हिसाब से मार्च 2018 में कुल 6.73 लाख करोड़ रुपए मूल्य के नोट 2,000 रुपए के थे जबकि 31 मार्च, 2023 को इनका मूल्य 3.62 लाख करोड़ रुपए रह गया।

नोट छापने पर कितना खर्च

आरबीआई ने अपनी एनुअल रिपोर्ट में नोटों पर होने वाली छपाई की पूरी डिटेल भी दी है। आरबीआई ने वित्त वर्ष 2022-23 में 4,682.80 करोड़ रुपए नोट छापने के लिए खर्च किए गए हैं। पिछले साल यह खर्च 4,984.80 करोड़ रुपए था।

बैंकिंग फ्रॉड के मामले भी बढ़े

आरबीआई ने बताया कि 2022-23 में बैंकिंग फ्रॉड के मामले 13,350 हो गए हैं। ये मामले अधिकतम डिजिटल भुगतान से संबंधित है। 2021-22 में फ्रॉड के कुल मामले 9,097 सामने आए थे। 2020-21 में 7,338 मामले थे। केंद्रीय बैंक ने रिपोर्ट में यह भी कहा कि पब्लिक सेक्टर के बैंकों की तुलना में प्राइवेट बैंकों में धोखाधड़ी के मामले अधिक हैं।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट