Mradhubhashi
Search
Close this search box.

राहुल गांधी ने कहा, सावरकर जैसे को पढ़ने वाले भारत को नहीं जानते

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को केरल के दौरे पर पहुंचे। राहुल गांधी का यहां के कोझिकोड हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद राहुल गांधी मलप्पुरम पहुंचे जहां उन्होंने हिमा डायलिसिस सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लिया और लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने सावरकर पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर आप सावरकर जैसे लोगों को पढ़ेंगे तो वे कहेंगे कि भारत एक भूगोल है। वे कलम लेते हैं, नक्शा खींचते हैं और कहते हैं कि यह भारत है। इस रेखा के बाहर यह भारत नहीं है और इस रेखा के अंदर यह भारत है। फिर एक सवाल उठता है कि क्या भारत सिर्फ एक नक्शा है? बिल्कुल नहीं क्योंकि अगर इस क्षेत्र में लोग नहीं होते तो आप यह नहीं कहते कि यह भारत है। राहुल ने कहा कि हमारे लिए भारत यहां रहने वाले लोग हैं। भारत लोगों के बीच का संबंध है। जहां हिन्दू-मुस्लिम-सिख के बीच संबंध, तमिल-हिन्दी-उर्दू-बंगाली के बीच संबंध हो। मुझे प्रधानमंत्री से समस्या है कि वे इन संबंधों को तोड़ रहे हैं।

यहां रहने वाले लोग मेरे लिए भारत

राहुल गांधी ने कहा कि क्या होता है यदि कोई भारतीय व्यक्ति हवाई जहाज में चढ़कर अमेरिका चला जाता है, तो क्या वह भारतीय नहीं रहता? उस स्थिति में भी वह एक भारतीय ही रहता है। तो मेरे लिए, यहां रहने वाले लोग भारत हैं। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों से भारत बनता है और इसकी संस्कृति मजबूत होती है।

कांग्रेस में अध्यक्ष नहीं, फिर कौन ले रहा फैसले: सिब्बल

कांग्रेस में आंतरिक घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। अपनी नाराजगी को जाहिर करते हुए सिब्बल ने कहा कि दुर्भाग्य से कांग्रेस के पास कोई अध्यक्ष नहीं है, पता नहीं कांग्रेस में कौन फैसले ले रहा है। लोग पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। इस पर सोचने की जरूरत है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक बुलाने की मांग की है। कपिल सिब्बल ने कहा कि मैं मीडिया में उन कांग्रेसियों की ओर से बोल रहा हूं जिन्होंने पिछले साल अगस्त में पत्र लिखा था। पत्र लिखे जाने के बाद भी हम सीडब्ल्यूसी और केंद्रीय अध्यक्ष के पद के चुनाव के संबंध में की जाने वाली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। इंतजार की भी एक हद होती है। हम कब तक इंतजार करेंगे। हम सिर्फ एक मजबूत संगठनात्मक ढांचा चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को दिल्ली से कंट्रोल नहीं किया जाना चाहिए। एक सीमावर्ती राज्य (पंजाब) जहां कांग्रेस पार्टी के साथ ऐसा हो रहा है, इसका क्या मतलब है? इससे आईएसआई और पाकिस्तान को फायदा है। कांग्रेस को सुनिश्चित करना चाहिए कि वे एकजुट रहें।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट