Mradhubhashi
Search
Close this search box.

कुमार विश्वास ने यमुना में प्रदूषण का उठाया मुद्दा, केजरीवाल को बताया लघुकाय लंपट

नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आस्था के महापर्व छठ की शुरूआत पर श्रद्धालुओं ने यमुना नदी के जहरीले झाग के बीच डुबकी लगाई थी। अब इसे लेकर कभी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बेहद खास रहे प्रख्यात कवि कुमार विश्वास ने उन्हें निशाने पर लेते हुए तंज कसा है। कुमार विश्वास ने एक ट्वीट में जहरीले झाग के बीच खड़े लोगों की एक तस्वीर पोस्ट की और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को लघुकाय लंपट करार दिया। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, भगीरथ जी स्वर्ग से गंगा, बादलों के जिस मार्ग से उतार कर लाए थे लघुकाय लंपट जी यमुना को उसी रास्ते से दिल्ली लाए हैं और वह भी मुफ्त।

उन्होंने आगे लिखा कि, और हां, इस बार वायु प्रदूषण की जिम्मेदारी हरियाणा के किसानों पर रहेगी, पंजाब वालों पर नहीं, क्योंकि वहां कुछ महीनों में चुनाव हैं। कुमार विश्वास का यह तंज केजरीवाल के चुनाव पूर्व के उन वादों को लेकर है जो उन्होंने सरकार बनने पर यमुना की सफाई के लिए किए थे। छह साल बाद भी यमुना नदी की हालत जस की तस है।

झील बन गईं और झोल बन गए हम

एक अन्य ट्वीट में यमुना की कुछ और तस्वीरें साझा करते हुए कुमार विश्वास ने लिखा,झील बनाई जाएंगी, बन गईं झील और झोल बन गए हम। इसके साथ ही उन्होंने एक और ट्वीट में एक पुराना वीडियो भी पोस्ट किया जिसमें केजरीवाल चुनाव से पहले यमुना की सफाई का मुद्दा उठा रहे थे और नदी की तस्वीर बदलने के लिए पांच साल देने की अपील कर रहे थे

यमुना के हालात पर क्या कहती है दिल्ली सरकार

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष राघव चड्ढा ने इसे लेकर कहा कि नदी में जो झाग है वह ओखला बैराज इलाके में है। यह उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई विभाग के तहत आता है। इसलिए इसकी जिम्मेदारी उनकी है। उन्होंने कहा कि प्रदूषित पानी दिल्ली का नहीं है बल्कि यूपी और हरियाणा से दिल्ली को मिला तोहफा है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट