Mradhubhashi
Search
Close this search box.

मौसम हुआ सुहाना, बर्फ की सफेद चादर से ढका केदारनाथ धाम

देहरादून। चारधाम की ऊंची पहाड़ियों पर रविवार शाम को बर्फबारी होने से ठंड में इजाफा हो गया है। वहीं, केदारनाथ धाम में रविवार देर शाम जमकर बर्फबारी हुई। इस बीच सायंकालीन आरती के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा रहा। श्रद्धालु छाता लेकर पूजा करते नजर आए। वहीं, रात भी बर्फबारी हुई तो सुबह धाम बर्फ से सराबोर नजर आया।

हेलीपैड पर जमी बर्फ

हालांकि सुबह से मौसम सामान्य बना हुआ है। सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए निरंतर यात्री भेजे जा रहे हैं। हेलीपैड सहित यात्रा मार्ग पर हल्की बर्फ जमी है। रास्तों व हैलीपेड से बर्फ हटाई जा रही है। जिससे हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित हो गई है। उत्तराखंड समेत जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में पिछले एक सप्ताह से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से एक बार फिर राजधानी देहरादून के अलावा उत्तरकाशी, टिहरी और चमोली जैसे जिलों में मौसम बदल गया है।

बर्फ से ढकी चोटियां

रविवार को राजधानी देहरादून समेत आसपास के इलाकों में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हुई, वहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एवं वरिष्ठ मौसम विज्ञानी विक्रम सिंह के मुताबिक आज मौसम साफ बना रहेगा। लेकिन आने वाले दिनों में पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में मौसम साफ बना हुआ है। शीतलहर के कारण ठंड बनी हुई है।

यमुनोत्री हाईवे पर हो रही है आवाजाही

यमुनोत्री हाईवे के जानकीचट्टी यमुनोत्री पैदल मार्ग पर सामान्य रूप से यात्रियों की आवाजाही बनी हुई है। रविवार को मौसम के बिगड़ने पर आज सोमवार को यात्रियों की आवाजाही थोड़ी कम है। बदरीनाथ धाम के ठीक पीछे नीलकंठ, नरनारायण पर्वत सहित आसपास की चोटियों पर भी रविवार दोपहर बाद बर्फबारी हुई थी। जिसके बाद से चोटियां बर्फ से ढकी हैं। धाम में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट