Mradhubhashi
Search
Close this search box.

साउथ कोरिया वर्ल्ड स्काउट जम्बूरी में भारत का परचम लहराएगा इंदौर का 49 सदस्यीय स्काउट ग्रुप

साउथ कोरिया वर्ल्ड स्काउट जम्बूरी में भारत का परचम लहराएगा इंदौर का 49 सदस्यीय स्काउट ग्रुप

इंदौर – 1 से 12 अगस्त तक साऊथ कोरिया में 25 वीं वर्ल्ड स्काउट जम्बूरी का आयोजन हो रहा हैं जिसमें दुनिया के 172 देशों के 40000 स्काउट गाइड भाग ले रहें हैं।उक्त जानकारी देते हुए मध्यप्रदेश के कांटीजेंट लीडर श्री कुणाल मिश्र ने बताया कि वर्ल्ड स्काउट जम्बूरी दुनिया का सबसे बड़ा शिक्षाप्रद केम्पिंग ईवेंट होता हैं जहां 14 से 17 वर्ष के दुनिया भर के स्काउट गाइड आपस में मित्रता करने,एक दूसरे की संस्कृति को जानने समझने और नेतृत्व गुणों के विकास करने के साझा उद्देश्य की पूर्ती के लिए एकत्रित होते हैं। उक्त वर्ल्ड जम्बूरी में इंदौर के विजयंत स्काउट ग्रुप के 49 सदस्य भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

श्री कुणाल मिश्र ने बताया कि दुनिया भर के स्काउट गाइड को आपस में मिलाने, अंतरराष्ट्रीय भाईचारे को बढ़ाने के उद्देश्य से स्काउटिंग के संस्थापक लार्ड बेडेन पॉवेल ने वर्ल्ड जम्बूरी की परिकल्पना की और 1920 में पहली वर्ल्ड स्काउट जम्बूरी लंदन में ओलंपिया में आयोजित की गई जिसमें 32 देशों के 8000 स्काउट गाइड सम्मिलित हुए थे।तब से हर चार वर्षों के अंतराल में वर्ल्ड आर्गेनाइजेशन ऑफ स्काउट मूवमेंट वर्ल्ड स्काउट जम्बूरी आयोजित करता चला आ रहा है।विजयंत स्काउट ग्रुप इंदौर 2015 में जापान में 17 सदस्यों एवं 2019 में अमेरिका में 44 सदस्यों के साथ भारत का प्रतिनिधित्व कर चुका है।

12 दिनों तक खुले आकाश के नीचे समुद्र किनारे 9 किलोमीटर लंबी और 2 किलोमीटर चौड़ी खूबसूरत केम्प साइट का निर्माण कोरिया सरकार की सहायता से कोरिया स्काउट एसोसिएशन द्वारा किया गया हैं जहां दुनियाभर के स्काउट 12 दिनों तक तंबुओं में रहते हुए अपना भोजन खुद बनाते हुए तमाम तरह की साहसिक सांस्कृतिक गतिविधियों में संलग्न रहेंगे।

इंदौरी पोहा खिलाएंगे दुनिया भर के मेहमानों को….

श्री मिश्र ने बताया कि जम्बूरी में भव्य ओपनिंग एवं क्लोजिंग समारोह मनाया जाएगा।स्काउट गाइड 3 दिन ऑफ साइट तो तीन दिन आन साईट गतिविधियों में व्यस्त रहेंगे।6 अगस्त को दिन भर जम्बूरी में “कल्चरल डे” मनाया जाएगा।पूरी दुनिया से आये स्काउट गाइड अपनी अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे।इंदौर से जा रहा दल विगत कई माह से जम्बूरी हेतु विशेष तैयारियां कर रहा हैं।इंदौरी स्काउट भी उस दिन भारतीय वेशभूषा में अपने केम्प को तिरंगा थीम पर सजाते हुए रंगोली और मांडने बनाएंगे।हर अतिथि का तिलक लगाकर,माला पहनाकर स्वागत करेंगे।

अतिथियों के हाथों में मेहंदी लगाएंगे उन्हें भारतीय खेल और नृत्य संगीत से परिचित करवाएंगे।स्वल्पाहार में सभी को इंदौरी पोहे,सूखे समोसे और पेठे खिलाएंगे।भारतीय संस्कृति की पुरातनता और निरंतरता से सभी को परीचित कराते हुए भारतीय जीवन मूल्यों को चार्ट के द्वारा प्रदर्शित करते हुए ये नन्हें मुन्ने भारतीय राजदूत सारी दुनिया से आये स्काउट गाइड को भारत के विश्व को योगदान के बारे में भी बताएंगे।बहुत सारे उपहार स्काउट गाइड अपने साथ इन अतिथियों को भारत की हमेशा याद दिलाने के लिए ले जा रहें हैं।

इस स्काउट दल में शिशुकुंज से 9,चोइथराम माणिकबाग से 8,मिलेनियम स्कूल से 4, डेली कॉलेज से 3, वेदांत इंटरनेशनल से 3, एमरॉल्ड हाईट्स से 1, न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल से 1, पोद्दार इंटरनेशनल से 1, वैष्णव एकेडमी से 2, वैष्णव गर्ल्स स्कूल से 1, लोकमान्य विद्या निकेतन से 1, सत्य सांई विद्या विहार से 1, प्रोग्रेसिव स्कूल से 1 विद्यार्थी जो हर रविवार विगत कई वर्षों से विजयंत स्काउट ग्रुप में स्काउट प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे इस वर्ल्ड जम्बूरी में यूनिट लीडर श्रीमती स्मिता मिश्र, सुश्री खुशाली दुबे,सुश्री मुस्कान गोयल एवं श्री वेदांत गर्ग के मार्गदर्शन में 30 जुलाई को इंदौर से कोरिया के लिए रवाना होंगे।

75 वर्षीय राष्ट्रपति स्काउट डॉ शशिकांत शर्मा भी देंगे जम्बूरी में अपनी सेवाएं

श्री कुणाल मिश्र ने बताया कि दुनिया भर के 40000 बच्चों के इस आयोजन को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए दुनिया भर से 10000 एडल्ट स्काउट वालेंटियर इंटरनेशनल सर्विस टीम के रूप में अपने खर्च से जम्बूरी में सेवाएं देने जा रहे हैं।

इंदौर स्काउटिंग से जुड़े हुए शहर के प्रख्यात चिकित्सक श्री डॉ शशिकांत शर्मा, प्रसिद्ध व्यवसायी श्री रामबाबू अग्रवाल, इंफोबीन्स के डायरेक्टर श्री अविनाश सेठी, श्रीमती विभा जैन, साहिल जैन, चारु मोहता, रोहित अग्रवाल, अक्षत गोयल व वैभव डोसी 9 सदस्य तीन दिन पूर्व ही जम्बूरी में पहुंचकर अपनी अपनी सेवा गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त कर 40000 स्काउट गाइड के स्वागत के लिए तत्पर रहेंगे |

SCOUT MOVEMENT :

क्या आपको पता है अब तक कितनी विश्व जम्बूरी कहां और कब हुईं एवं इसकी थीम क्या थी?, राष्ट्रीय जम्बूरी का आयोजन कब-कब हुआ?

स्काउट आंदोलन में जम्बूरी का विशेष महत्व है। इसका आयोजन चार वर्षों के अंतराल पर होता है। अब तक 24 विश्व जम्बूरियां अलग- अलग देशों में आयोजित हो चुकी हैं। 25वीं विश्व जम्बूरी अगस्त, 2023 में साउथ कोरिया में हो रही है। पहली से लेकर 24वीं विश्व जम्बूरी कहां और कब हुईं तथा इसकी थीम क्या थी एवं इसमें कितनी संख्या में भागीदारी हुई, इसका विवरण प्रस्तुत है:

  1. पहली विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- यूनाइटेड किंगडम
    तिथि:- 30 जुलाई से 08 अगस्त 1920 ई
    थीम:- Devlop World Peace
    टोटल प्रतिभागी:- 8000
  2. दूसरी विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- डेनमार्क
    तिथि:- 10 अगस्त से 17 अगस्त 1924 ई
    थीम:- World Citizenship
    प्रतिभागी :- 4549
  3. तीसरी विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- यूनाइटेड किंगडम
    तिथि:- 31 जुलाई से 13 अगस्त 1929
    थीम:- Coming Of Age
    प्रतिभागी :- 50,000
  4. चौथी विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- हंगरी
    तिथि:- 02 अगस्त से 15 अगस्त 1933 ई
    थीम:- Face New Adventure
    प्रतिभागी:- 25792
  5. पाँचवी विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- नीदरलैंड
    तिथि:- 31 जुलाई से 09 अगस्त 1937 ई
    थीम :- Lead Happy Lives
    प्रतिभागी :- 28750
  6. छठी विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- फ्रांस
    तिथि:- 09 अगस्त से 20 अगस्त 1947 ई
    थीम:- Jamboori Of Peace
    प्रतिभागी:- 24,152
  7. सातवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- ऑस्ट्रिया
    तिथि:- 03 अगस्त से 13 अगस्त 1951 ई
    थीम:- Jamboori Of Simplicity
    प्रतिभागी :- 12,884
  8. आठवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- कनाडा
    तिथि:- 18 अगस्त से 28 अगस्त 1955 ई
    थीम :- New Horizons
    प्रतिभागी:- 11139
  9. नौंवी विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- यूनाइटेड किंगडम
    तिथि:- 01 अगस्त से 12 अगस्त 1957 ई
    थीम:- 50th Anniversary Of Scouting
    प्रतिभागी:- 31,426
  10. दसवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- फिलीपींस
    तिथि:- 17 जुलाई से 26 जुलाई 1959 ई
    थीम:- Building Tomorrow Today
    प्रतिभागी :- 12,203
  11. ग्यारहवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- ग्रीस
    तिथि:- 01 अगस्त से 11 अगस्त 1963 ई
    थीम:- Higher And Wider
    प्रतिभागी:- 11398
  12. बारहवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- यूनाइटेड स्टेट
    तिथि:- 01 अगस्त से 09 अगस्त 1967 ई
    थीम:- For Friendship
    प्रतिभागी:- 12,011
  13. तेरहवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- जापान
    तिथि:- 02 अगस्त से 10 अगस्त 1971 ई
    थीम:- For Understanding
    प्रतिभागी:- 23758
  14. चौदहवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- नॉर्वे
    तिथि:- 29 जुलाई से 05 अगस्त 1975 ई
    थीम :- Five Fingers One Hand
    प्रतिभागी :- 17,259
  15. पन्द्रहवी विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- ईरान
    तिथि:- 15 जुलाई से 23 जुलाई 1979
    CANCELLED
  16. पन्द्रहवी विश्व जंबूरी :
    स्थान:- कनाडा
    तिथि:- 05 जुलाई से 15 जुलाई 1983 ई
    थीम:- The Spirit Lives On
    प्रतिभागी:- 14752
  17. सोलहवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- ऑस्ट्रेलिया
    तिथि:- 31 दिसम्बर 1987 से 07 जनवरी 1988 ई
    थीम:- Bringing The World Together
    प्रतिभागी:- 14434
  18. सत्रहवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- साउथ कोरिया
    तिथि:- 08 अगस्त से 16 अगस्त 1991 ई
    थीम:- Many Lands One World
    प्रतिभागी:- 19083
  19. अठारहवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- नीदरलैंड
    तिथि:- 01 अगस्त से 11 अगस्त 1995 ई
    थीम :- Future Is Now
    प्रतिभागी:- 28,960
  20. उन्नीसवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- चिली
    तिथि:- 27 दिसम्बर 1998 से 6 जनवरी 1999 ई
    थीम:- Building Peace Together
    प्रतिभागी:- 31,534
  21. बीसवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- थाईलैंड
    तिथि:- 28 दिसम्बर 2002 से 08 जनवरी 2003 ई
    थीम:- Share Our World , Share Our Culture.
    प्रतिभागी :- 24000
  22. इक्कीसवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- यूनाइटेड किंगडम
    तिथि:- 28 जुलाई से 08 अगस्त 2007 ई
    थीम:- One World One Promise
    प्रतीभागी:- 37868
  23. बाइसवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- स्वीडेन
    तिथि:- 27 जुलाई से 07 अगस्त 2011
    थीम:- Simply Scouting
    प्रतिभागी:- 40061
  24. तेईसवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- जापान
    तिथि:- 28 जुलाई से 08 अगस्त 2015 ई
    थीम:- A Spirit Of Unity
    प्रतिभागी:- 33628
  25. चौबीसवीं विश्व जम्बूरी :
    स्थान:- यूनाइटेड स्टेट
    तिथि:- 22 जुलाई से 02 अगस्त 2019
    थीम:- Unlock An New World
    प्रतिभागी:- 47000
  26. पच्चीसवीं विश्व जम्बूरी
    स्थान:- साउथ कोरिया
    तिथि:- 01 अगस्त से 12 अगस्त 2023
    थीम:- Draw Your Dream
    प्रतिभागी:- 50000
ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट