Mradhubhashi
Search
Close this search box.

भारतीय ने लॉकडाउन में घर पर बना दिया प्लेन, फैमिली के साथ पूरा ब्रिटेन घूम आए

कोट्टायम कोरोना जब पीक पर था, तब लंदन में रहने वाले एक भारतीय ने छुटि्टयों का लुत्फ उठाने के लिए एक नायाब तरीका खोज निकाला। पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर अशोक अलसेरिल थमराक्षन ने खुद का चार सीटर प्लेन 18 महीने में तैयार कर दिया। इतना ही नहीं, उनका इनोवेशन इस कदर सक्सेसफुल रहा कि वो इस प्लेन से पत्नी और दो बेटियों के साथ पूरा ब्रिटेन घूम आए।

अशोक केरल के रहने वाले हैं। पूर्व विधायक एवी थमराक्षन के बेटे हैं। पलक्कड़ इंजीनियरिंग कॉलेज से B Tech के बाद 2006 में मास्टर्स डिग्री के लिए ब्रिटेन चले गए। फिलहाल फोर्ड मोटर कंपनी में इंजीनियर हैं। होम मेड प्लेन का नाम उन्होंने बड़ी बेटी दीया के नाम पर ‘जी-दीया’ रखा है। प्लेन बनाने का आइडिया कहां से आया? इस सवाल पर अशोक कहते हैं- लंदन में कोविड के दौरान बेहद खराब हालात थे। सख्त लॉकडाउन की वजह से लोग घरों में कैद थे। ऑफिस के काम हों या फिर बच्चों की पढ़ाई, सब घर से चल रहा था। ऐसे में छुटि्टयां मनाने के लिए मैंने खुद का प्लेन बनाने पर काम शुरू कर दिया।

अशोक बताते हैं- 2018 तक मैं पायलट लाइसेंस लेने के बाद छोटे ट्रिप के लिए टू-सीटर विमान किराए पर लेता था। इसके बाद पत्नी और दो बेटियों के लिए मुझे 4 सीटर प्लेन की जरूरत पड़ी। मैंने कुछ पुराने प्लेन देखे, पर वो पसंद नहीं आए। इसके बाद मैंने दूसरे विकल्प पर काम शुरू किया। इसमें घर में बने विमान भी शामिल थे। अशोक ने बताया कि एयरक्राफ्ट तैयार करने पर 1.8 करोड़ रुपए खर्च हुए। स्पीड 200 किमी/घंटा है। फ्यूल टैंक 180 लीटर है। हर घंटे 20 लीटर फ्यूल लगता है। अशोक कहते हैं- इसी प्लेन से परिवार के साथ पूरा ब्रिटेन घूमा। दोस्तों के साथ जर्मनी, ऑस्ट्रिया और चेक रिपब्लिक भी गया। इन दिनों पत्नी अभिलाषा और बेटियों थारा और दीया के साथ केरल में हूं। छुट्टियां मना रहा हूं।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट