Mradhubhashi
Search
Close this search box.

उत्तर प्रदेश की चुनावी कमान धर्मेंद्र प्रधान के हाथों में, प्रहलाद जोशी को दिया उत्तराखंड का जिम्मा

नई दिल्ली: अगले साल पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी है। पांचों चुनावी राज्यों के लिए चुनाव प्रभारियों के नामों का ऐलान कर दिया गया है। देश के सबसे अहम राज्य उत्तर प्रदेश की कमान केन्द्रीय‌ मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सौंपी गई है।

सहप्रभारियों की भी हुई नियुक्ति

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बुधवार को पांच राज्यों के चुनाव प्रभारियों के नाम का एलान कर दिया है। देश की राजनीति की दशा और दिशा तय करने वाले सूबे उत्तर प्रदेश का जिम्मा केन्द्रीय‌ मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को दिया गया है। उत्तराखंड का प्रभारी प्रहलाद जोशी को और पंजाब विधानसभा चुनाव का प्रभारी केन्द्रीय‌ मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को बनाया गया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश पर खास ध्यान देते हुए प्रभारी की सहायता के लिए कद्दवर नेताओं की टीम तैयार की गई है।

देवेंद्र फडणवीस को गोवा का प्रभार

उत्तर प्रदेश में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सरोज पांडे और अर्जुन राम मेघवाल, शोभा करंदलाजे, विवेक ठाकुर, कैप्टन अभिमन्यू और अन्नपूर्णा देवी को सह-प्रभारी बनाया है। उत्तराखंड की कमान प्रहलाद जोशी को देते हुए भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी और सरदार आरपी सिंह को सह प्रभारी बनाया गया है। पंजाब में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की सेना में हरदीप पुरी, मीनाक्षी लेखी, विनोद चावड़ा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। गोवा का जिम्मा महाराष्ट्र के भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को सौंपा गया है। मणिपुर की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव को दी गई है। गौरतलब है साल 2022 में उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होने हैं।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट