Mradhubhashi
Search
Close this search box.

मध्य प्रदेश पुलिस के पहले स्थापना दिवस पर सीएम ने ली परेड की सलामी

भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस शुक्रवार 17 दिसंबर को अपना पहला स्थापना दिवस मना रही है। स्थापना दिवस को लेकर राजधानी भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में हुए मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने परेड की सलामी लेकर 41 पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति मेडल से सम्मानित किया।

कार्यक्रम में गृहमंत्री डॉ नरोत्‍तम मिश्रा और मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के साथ मध्यप्रदेश पुलिस के आला अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश पुलिस की जमकर तारीफे करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस देश में सर्वश्रेष्ठ काम करके दिखाएगी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश की पुलिस ने एक नहीं अनेक उपलब्धियां हासिल की है। इसके बाद भी हमारे लिए साइबर क्राइम एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि साइबर क्राइम के इन अपराधों के लिए हमें और भी काम करना होगा। इन मामलों में गंभीरता लाने की जरूरत है। अधिक प्रयास करेंगे तो कोई अपराधी बच नहीं पाएगा। हमारे काम करने के रास्ते में आने वाली बाधाओं का हम निरंतर समाधान करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुस्कान जैसे अभियान से बड़ी संख्या में बेटियों की घर वापसी हुई है। एक नहीं अनेक अभियान हमने चलाए हैं। इसी का परिणाम है अपराध नियंत्रण में हैं। मध्यप्रदेश शांति का टापू कहा जाता है। जीवित समाज में कुछ घटनाएं होती हैं, लेकिन उन पर भी त्वरित कार्यवाही होती है उसके लिए मैं मध्यप्रदेश पुलिस को बधाई देता हूं। हमने कई तरह की योजनाएं प्रारंभ की हैं। डायल-100 ऐसी ही सेवा है।

पुलिस स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्‍तम मिश्रा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ बालाघाट के कार्यक्रम में पुलिस की किस बात की आलोचना कर रहे थे,जबकि उस समय उन्हीं की सरकार थी। आज की तारीख में प्रदेश में डाकुओं का कोई गैंग सक्रिय नहीं। नक्सली गतिविधियां शून्य हैं। इसका मतलब यह नहीं कि शांति का राज है। छुटपुट घटनाएं होती हैं। बेटियों के साथ दुराचार मामले रोकने के मामले में पुलिस ने बेहतर काम किया है। बेटियों के प्रति लोगों की सोच बदलने का काम कर रही पुलिस। कोरोना काल में पुलिस के जवान सीमा पर जवान की तरह खड़ा रहा।

पुलिस इतिहास में पहली बार मनाए गए स्थापना दिवस के समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सके। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिर्फ परेड की सलामी ले कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान किया।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट