Table of Contents
ToggleAmit Shah Ujjain Rally: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह(Amit Shah) उज्जैन आ रहे हैं। वह 28 अक्टूबर को उज्जैन में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। शाह महाकालेश्वर मंदिर में पूजा करने के बाद चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। वह राजनीतिक दृष्टि से दो क्षेत्र में बंटे उज्जैन उत्तर और उज्जैन दक्षिण क्षेत्र में रोड शो करेंगे। भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक जोशी ने बताया कि रोड शो का रूट गुरुवार को तय किया जाएगा।
पांच साल पहले शाह मध्य प्रदेश का सियासी नक्शा तय करने को उज्जैन में रखी जनआशीर्वाद यात्रा शुरू करने आए थे। तब वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ भगवान महाकालेश्वर का आशीर्वाद लेकर नानाखेड़ा स्टेडियम में सभा को संबोधित किया था।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू
उज्जैन समेत संपूर्ण मध्य प्रदेश में चुनाव आचार संहिता प्रभावशील है। इस कारण उनके स्वागत की सुरक्षा की व्यवस्था निश्चित तौर पर अलग होगी। बुधवार को पार्टी अध्यक्ष ने लोकशक्ति भवन में दशहरा मिलन समारोह के बाद प्रत्याशियों से तैयारियों को लेकर चर्चा की। उनके सुझाव लेकर पार्टी मुख्यालय से मिली गाइडलाइन अनुरूप रोड शो की रूपरेखा को अंतिम रूप देने की तैयारी की।