इंदौर। इंदौर में एक सैलून संचालक ने सूदखोरों से परेशान होकर बुधवार को जहर खाकर जान दे दी। पुलिस को उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें पांच लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।
सैलून संचालक दामोदर परमार ने सुसाइड नोट में लिखा कि मैं बहुत परेशान था और मेरा मानसिक संतुलन खराब कर दिया लोगों ने। इसलिए मुझे यह कदम उठाना पड़ा। सॉरी पापा, नानी और मोना। अंकुश अपना ख्याल रखना। तेरी मां को भी यह सूदखोर परेशान कर रहे थे। छोटू शुक्ला, संजय जैन, गोलू कुशवाह, मनीष पुरी गोस्वामी अरिहंत नगर पान की गुमटी वाला, सुरेश सेन इनको सजा मिलनी चाहिए। टीआई रमेश चंद्र भास्करे के मुताबिक अरिहंत नगर निवासी दामोदर (38) ने बुधवार दोपहर अपने घर में जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर अरबिंदो अस्पताल पहुंचे। दमोदर की उपचार के दौरान अस्पताल में बुधवार देर शाम मौत हो गई। पुलिस को दामोदर के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने पांच लोगों से कर्ज लेने की बात कही है। लिखा है कि सभी सूदखोर उसे परेशान कर रहे थे। इसी बात से तंग आकर वह अपनी जान दे रहा है। पुलिस ने मामले में सुसाइड नोट जब्त कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दामोदर के परिवार में उसकी पत्नी प्रियंका, दो बेटी और एक बेटा है। परिवार के अन्य सदस्य भी घर के आसपास ही रहते हैं। दामोदर ने पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने के लिए कर्ज लिया था।