खंडवा। खंडवा में एक शख्स के द्वारा पांच दिनों के अंदर दो लड़कियों के साथ शादी करने का मामला सामने आया है, लेकिन जब उसकी धोखाधड़ी की हकीकत सामने आई तो वह गायब हो गया। शिकायत मिलने पर पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है।
दुल्हन के रिश्तेदार ने पहचाना धोखेबाज दूल्हे को
आरोपी ने पहली शादी दो दिसंबर को की और दूसरी शादी उसने सात दिसंबर को कर ली। 26 साल का यह शख्स इंदौर के मूसाखेडी इलाके का रहने वाला है और उसने पहली शादी खंडवा की रहने वाली लड़की से की और दूसरी शादी उसने इंदौर जिले के महू तहसील के एक गांव में रहने वाली एक लड़की से धोखे से की। शादी के नाम पर की गई धोखाधड़ी का खुलासा उस वक्त हुआ जब दूसरी शादी में पहली दुल्हन के रिश्तेदार ने उसको पहचान लिया।
पर्दाफाश होते ही दूल्हा हुआ गायब
वह व्यक्ति आरोपी की दूसरी शादी में शिरकत करने के लिए गया था। उसने जैसे ही धोखेबाज दूल्हे को देखा उसका फोटो खींचकर जिस लड़की से उसने पहली शादी की थी, उसके परिजन को भेज दिया। इसके साथ ही धोखेबाज दूल्हे की हकीकत सामने आ गई। लड़की के घरवालों ने तत्काल पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पोल खुलने के बाद से धोखेबाज दूल्हा गायब है। लड़की के परिजनों ने विवाह में दस लाख रूपए खर्च होने का दावा किया है।