मुंबई। रूस ने कहा है कि वह यूक्रेन सीमा से कुछ सैनिकों को वापस बुला रहा है।यह खबर बाहर आते ही इन्वेस्टर्स ने राहत की सांस ली। इसके बाद अमेरिकी मार्केट का फ्यूचर और यूरोपीय बाजार ग्रीन हो गए। भारतीय बाजार को भी इससे सपोर्ट मिला। सोमवार को भारतीय बाजार में 10 माह की सबसे बड़ी गिरावट आई थी। मंगलवार को बाजार के खाते में एक दिन की सबसे बड़ी तेजी में से एक दर्ज हो गई। कारोबार समाप्त होने तक बीएसई सेंसेक्स 1,736.21 अंक (3.08 फीसदी) चढ़कर 58,142.05 अंक पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी इसी तर्ज पर 509.65 अंक (3.03 फीसदी) की बढ़त के साथ 17,352.45 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों मेजर इंडेक्स के लिए सबसे बड़ी एक दिनी बढ़त में से एक है।
एक फरवरी 2021 के बाद सबसे ज्यादा बढ़त
एक फरवरी 2021 के बाद किसी एक दिन में यह सेंसेक्स की सबसे बड़ी बढ़त है। मंगलवार को सभी इंडेक्स हरे निशान में रहे। सबसे ज्यादा निफ्टी आॅटो में बढ़त रही जो 4 फीसदी से ज्यादा थी। निफ्टी बैंक 3.42, निफ्टी आईटी 3.05, निफ्टी मीडिया 3.77, सरकारी बैंक 3.99 और प्राइवेट बैंक 3.26 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ।
इन कारणों से बाजार को मिला सहारा
घरेलू बाजार को एक दिन पहले आई रिकॉर्ड गिरावट के बाद लो लेवल पर खरीदारी से सहारा मिला। इसके अलावा यूक्रेन संकट में कुछ नरमी आने से बाजार को राहत मिली है।
मार्केट कैप 261.87 लाख करोड़
सोमवार को लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 255.11 लाख करोड़ रुपए था, जो मंगलवार को 261.87 लाख करोड़ रुपए रहा। सेंसेक्स के सभी 30 स्टॉक बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें बजाज फाइनेंस 5.38 और बजाज फिनसर्व 4.46 फीसदी के साथ सबसे ज्यादा बढ़े। एसबीआई, लार्सन एंड टुब्रो, टाइटन के शेयर्स 4-4 फीसदी से ज्यादा बढ़े।