Mradhubhashi

MP Weather Update: 3-4 सितंबर तक मानसून पर लगा रहेगा ब्रेक, इस शहर में सबसे अधिक गर्मी

MP Weather Update

MP Today Weather: मध्य प्रदेश में इस समय कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। मानसून द्रोणिका हिमालय की तलहटी में पहुंच गई है। इससे मध्य प्रदेश समेत आसपास के राज्यों में मानसून पर ब्रेक लग गया है। बारिश का दौर थमने से आसमान साफ होने लगा है। पूरे प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को प्रदेश के 28 शहरों में तापमान 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। सीधी में सर्वाधिक 36.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले तीन-चार दिन तक बारिश होने की संभावना नहीं है।

वैसे, तापमान बढ़ने पर स्थानीय स्तर पर कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। दूसरी ओर बारिश नहीं होने से किसान चिंतित होने लगे हैं। धान और सोयाबीन की फसलों के सूखने की आशंका बढ़ गई है। ज्ञात हो मध्य प्रदेश में इस सीजन में एक जून से बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक कुल 661.7 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य बारिश (773.7 मिलीमीटर) की तुलना में 14 प्रतिशत कम है।

23 जिलों में सामान्य से कम बारिश
23 जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि मानसून द्रोणिका के दोनों छोर हिमालय की तलहटी में पहुंचे हैं। वर्तमान में प्रदेश के उत्तरी भाग के मध्य में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना है, लेकिन इसका विशेष प्रभाव होने की संभावना नहीं हैं। तीन-चार सितंबर तक मानसून ब्रेक की स्थिति बनी रह सकती है।

IMD मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्षा का सिलसिला थमने से मौसम साफ होने लगा है। आसमान साफ होने के कारण सुबह से ही धूप निकलने लगी है। इस वजह से दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। हालांकि बादल छंटने के कारण अब रात के तापमान में कुछ गिरावट भी हो सकती है। चार सितंबर के बाद पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा होने के आसार हैं।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट