///

Himanta Biswa Sarma: छठी कक्षा से हैं राजनीति में, ऐसा है हिमंत बिस्वा सरमा की जिंदगी का सफर

Start

Himanta Biswa Sarma: पूर्वोत्तर में भाजपा की जड़ें जमाने वाले हिमंत बिस्वा सरमा असम के मुख्यमंत्री होंगे। निवृत्तमान मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से कमान लेकर असम की सत्ता उनको सौंपी गई है। सरमा कांग्रेस छोड़कर 2015 में बीजेपी में शामिल हुए थे। कभी कांग्रेस नेता तरुण गोगोई के खासमखास माने जाने वाले सरमा आज असम बीजेपी के सबसे ताकतवर नेताओं में से एक हैं।

जलुकबाड़ी सीट से लगातार पांच बार जीत चुके हैं

असम की 126 विधानसभा सीटों में से इस बार बीजेपी ने 75 सीटों पर जीत दर्ज की है। हिमंत बिस्वा सरमा ने जलुकबाड़ी सीट पर लगातार पांचवीं बार जीत हासिल की है। हिमंत बिस्वा सरमा के राजनीतिक करियर की शुरुआत सन् 1980 में हुई थी। उस वक्त छठी क्लास में उन्होंने ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन जॉइन की थी। कुछ साल बाद उनको AASU के गुवाहाटी यूनिट का जनरल सेक्रटरी बनाया गया। 1990 के दशक में कांग्रेस में शामिल हुए सरमा ने पहली बार गुवाहाटी के जालुकबाड़ी से सन 2001 में चुनाव लड़ा था। उन्होंने यहां असम गण परिषद के कद्दावर नेता भृगु कुमार फुकान को हराया था और उसके बाद से आज तक सरमा इस सीट पर जीत दर्ज करते आए हैं।

कभी तरुण गोगोई के थे खास

कांग्रेस में रहते हुए सरमा ने मंत्री के रूप में असम शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, कृषि, योजना और विकास, पीडब्ल्यूडी और वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभागों का कार्यभार संभाला है। हालांकि, सीएम तरुण गोगोई के साथ अनबन होने की वजह से उन्होंने 2016 विधानसभा चुनावों से पहले उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। राहुल गांधी के संबंध में उन्होंने कहा था कि जब वे राहुल गांधी के साथ असम के अहम मसलों पर बातचीत करने के लिए गए थे उस वक्त राहुल अपने पालतू कुत्ते को बिस्किट खिलाने में व्यस्त थे।

पीएचडी कर चुके हैं

हिमंत बिस्वा सरमा का जन्म 1 फरवरी, 1969 को हुआ। उनके पिता का नाम कैलाश नाथ सरमा और मां का नाम मृणालिनी देवी है। सरमा ने गुवाहाटी के कामरुप एकैडमी स्कूल से शुरुआती पढ़ाई करने के बाद उन्होंने गवर्नमेंट लॉ कॉलेज से एलएलबी की और फिर गुवाहाटी यूनिवर्सिटी से पीएचडी की डिग्री हासिल की। सरमा ने 1996 से 2001 के बीच गुवाहाटी हाई कोर्ट में लॉ की प्रैक्टिस भी की थी। सरमा ने रिकी भुयान से सन् 2001 में शादी की थी।उनको एक बेटा और एक बेटी हैं।