Mradhubhashi
Search
Close this search box.

गोल्ड का गोल्डन टाइम : 60,000 पार सोना

गोल्ड का गोल्डन टाइम : 60,000 पार सोना

Table of Contents

इन दिनों दुनियाभर में विपरित वित्तीय हालात के चलते शेयर बाजारों में भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है। ऐसे में लोग, खासतौर पर भारतीय निवेश के लिए सोने को बेहद सुरक्षित विकल्प मानते हैं। यही वजह है कि सोमवार को भारत में पहली बार सोने का दाम 60,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया

नई दिल्ली। देश में पहली बार सोने के दाम ने 60 हजार रुपए के स्तर को पार कर लिया। सोने का यह नया आॅल टाइम हाई है। दिल्ली सराफा बाजार में सोमवार को सोने दाम में 1400 रुपए का उछाल आया और यह 60100 रुपए प्रति 10 ग्राम के पर बंद हुआ। चांदी के दाम में 1860 रुपए की तेजी आई और यह 69340 रुपए प्रति किलो के स्तर पर बंद हुई। बात अंतरराष्ट्रीय बाजार की करें तो यहां सोना 2000 डॉलर प्रति आउंस के स्तर को पार कर गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का भाव 22.50 डॉलर प्रति आउंस के पार हो गया है।

दो दिन में 2500 रुपए बढ़े सोने के दाम

दो दिन में सोने के दाम में 2500 रुपए की तेजी दर्ज की गई है। महज तीन हफ्ते के भीतर यह 5000 रुपए महंगा हो गया है। साढ़े चार महीने में यह 10 हजार रुपए महंगा हो चुका है। साल 2023 में अब तक सोने में 8 फीसदी की तेजी आ चुकी है। 3 नवंबर को सोना 50 हजार रुपए के स्तर पर था। महज साढ़े चार महीने में यह 50 हजार रुपए प्रति दस ग्राम के स्तर से 60 हजार रुपए प्रति दस ग्राम के स्तर तक पहुंच चुका है।

एक साल में 15% बढ़ा सोने का भाव

24 कैरेट सोने की बात करें तो एक साल में इसका भाव करीब 15% बढ़ा है। 11 मार्च 2022 को सोने का भाव 54140 रुपए प्रति 10 ग्राम था। वहीं 20 मार्च 2023 की बात करें तो दिल्ली में सोने का दाम 60100 रुपए प्रति 10 ग्राम है।

मंदी की आशंका से सोने की मांग बढ़ी

अमेरिका में सिलिकॉन वैली बैंक और फिर सिग्नेचर बैंक बंद हो गया। यूएस में 800 से ज्यादा बैंकों की हालत खराब है। यूरोप में भी बैंकिंग संकट की आहट है। यूरोप का क्रेडिट सुईस बैंक असफल हो गया है। इस वजह से दुनिया में आर्थिक मंदी की आशंका बढ़ी है और निवेश के लिहाज से सोने की मांग ने रफ्तार पकड़ी है। इतिहास पर नजर डालें तो पता चलता है कि जब-जब मंदी की आशंका बढ़ती है, सोने की चमक तेज हो जाती है।

फेडरल रिजर्व के फैसले पर रहेगी नजर

21 मार्च से एफओएमसी यानी फेडरल रिजर्व ओपन मार्केट कमिटी की अहम बैठक शुरू हो रही है। भारतीय समय अनुसार बुधवार देर रात को फेडरल रिजर्व की तरफ से मॉनिटरी पॉलिसी का ऐलान किया जाएगा। बाजार का अनुमान है कि फेडरल रिजर्व इंटरेस्ट रेट में कम बढ़ोतरी करेगा। अगर ऐसा होता है तो सोने की चमक और तेज होगी।

शादी की तैयारी में जुटे लोगों की चिंता बढ़ी

सोने-चांदी के दाम बढ़ने से शादी की तैयारियों में जुटे लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। मप्र के सराफा कारोबारियों का कहना है कि 2022 के अंंत में सोना 57,000 रुपए पर था। इसने पहली बार 60 हजार की छलांग लगाई है। चांदी के भी दाम एक सप्ताह में 5000 रुपए बढ़ गए हैं। इसका असर मध्यप्रदेश के ज्वेलरी मार्केट पर दिखाई दे रहा है।

केंद्रीय बैंकों में मची है खरीदारी की होड़

आर्थिक मंदी की आशंका के चलते दुनियाभर के केंद्रीय बैंक हर साल सोना खरीद रहे हैं। इसके चलते सोने की डिमांड 11 साल के हाई पर पहुंच गई। सोने में तेजी के माहौल में आम आदमी खरीदारी से बचता है, जबकि निवेशक पैसा लगाता है। सराफा कारोबारियों के मुताबिक बीते कुछ दिनों से सोने मे आ रही तेजी को देखें तो निवेशक रोजाना 100 किलो सोना खरीद रहे हैं।

24 कैरेट सोने का दाम प्रति दस ग्राम
इंदौर: 60201 रु.
भोपाल: 61350 रु.
ग्वालियर: 61,500 रु.
जबलपुर: 60,565 रु.

एक साल में 28% तक का रिटर्न दिया गोल्ड ने

बीते एक साल के पैटर्न को देखें तो सोने की कीमत ने भारी-भरकम रिटर्न दिया है। एक साल में सोने ने कम से कम 28% तक का रिटर्न दिया है। वहीं, अगर इसकी शेयर बाजार से तुलना करें तो पता चलता है कि पिछले साल 20 मार्च 2022 को अगर किसी निवेशक ने दिग्गज कंपनी इन्फोसिस के शेयर में पैसे लगाए होते तो उन्हें अब तक 24% का नुकसान हो गया होता। इतना ही नहीं टीसीएस, टाइटन, अडानी एंटरप्राइजेज समेत दिग्गज कंपनियों के शेयरों ने पिछले एक साल में निगेटिव रिटर्न दिए हैं।

65 हजार रुपए तक जा सकता है सोना

ब्रोकरेज फर्म केडिया एडवाइजरी द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, सोना इस साल जनवरी से अब तक 9.45% चढ़ा है। वहीं, इस दौरान सेंसेक्स 5.73% गिरा है और निफ्टी 7% तक गिरा है। आईआईएफएल सिक्योरिटीज के अनुज ग्रुप्ता के मुताबिक, गोल्ड का भाव अगले साल मार्च तक 65000 रुपए तक जा सकता है।

सोना खरीदें, बेचें या होल्ड करें

अल्फा कैपिटल के सह-संस्थापक डॉ मुकेश जिंदल ने कहा कि निकट अवधि में सोने के अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है, क्योंकि सोने को अमेरिकी डॉलर से फायदा होता है। डॉलर इंडेक्स गिरने पर सोना बढ़ता है। यूएस डॉलर इंडेक्स 22 अक्टूबर से गिर रहा है और सोने की कीमत भी 22 अक्टूबर से बढ़ रही है। यह प्रवृत्ति जारी रहने की उम्मीद है।

-20 मार्च 2022 को सोने का दाम 47,300 रुपए
-20 मार्च 2023 को सोने का दाम 60,455 रुपए
-10 ग्राम सोना खरीदा होता 20 मार्च 2022 को तो आज 13,155 रु, का फायाद होता।
-28 प्रतिशत का रिटर्न मिला है निवेशकों को एक साल में।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट