Mradhubhashi
Search
Close this search box.

24 साल बाद गेर गांधी परिवार से होगा कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष चुनाव को लेकर नेताओं की ओर से जोर आजमाइश शुरू हो गई है। अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अब तक तीन नेताओं, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सांसद शशि थरूर और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का नाम उभरकर सामने आया है। तमाम कयासों के बीच बुधवार को अशोक गहलोत ने 10 जनपथ में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। इस बीच सोनिया गांधी ने भी साफ कर दिया है कि चुनाव में उनकी क्या भूमिका होने वाली है।

सोनिया गांधी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष गेर गांधी परिवार से होने के फैसले से कांग्रेस में अध्यक्ष का चुनाव रोचक होता जा रहा है। अब तक अशोक गहलोत और शशि थरूर के ही चुनाव में उतरने की चर्चाएं थीं, लेकिन दिग्विजय सिंह ने अपने नाम का जिक्र कर ट्विस्ट ला दिया है। मीडिया से से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने कहा कि आप आखिर मेरे नाम को खारिज क्यों कर रहे हैं। उनके इस बयान से कयास लग रहे हैं कि क्या वह भी अध्यक्ष पद के चुनाव में उतर सकते हैं। इसके साथ ही दिग्विजय सिंह ने अशोक गहलोत को लेकर भी अहम टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि यदि अशोक गहलोत कांग्रेस के अध्यक्ष बनते हैं तो फिर राजस्थान के सीएम का पद छोड़ना होगा। यही नहीं उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर निश्चित तौर पर सचिन पायलट उनकी जगह ले सकते हैं।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि इसी साल उदयपुर में कांग्रेस की बैठक में यह फैसला लिया गया था कि एक शख्स के पास एक ही पद रहेगा। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत को इस्तीफा देना होगा। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि कमलनाथ को एक पद छोड़ना पड़ा था। वहीं पार्टी अध्यक्ष पद के लिए अपनी उम्मीदवारी के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि देखिए क्या होता है। उन्होंने कहा कि 30 तारीख की शाम तक सब सामने आ जाएगा। इसी दिन कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवारों के नामांकन का आखिरी दिन है।

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम ने कहा कि गांधी परिवार का कोई भी सदस्य रेस में नहीं है। उन्होंने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है, जो भी चुनाव में उतरना चाहता है, उसके पास यह हक है। यदि कोई नहीं लड़ना चाहता है तो फिर उससे जबरदस्ती नहीं की जा सकती। बस इतनी ही बात है। गौरतलब है ििक राहुल गांधी ने 2019 के आम चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से सोनिया गांधी ही यह पद संभाल रही हैं और राहुल गांधी ने लगातार अध्यक्ष बनने से इनकार किया है। यहां तक कि अशोक गहलोत ने आज भी यह कहा कि यदि राहुल गांधी राजी हों तो बेहतर होगा अन्यथा वह नामांकन दाखिल करेंगे।

अध्यक्ष जो कहेंगे, वह काम करेंगे राहुल गांधी

कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी एक बार किसी चीज के लिए मन बना लेते हैं तो फिर वह बदलते नहीं हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि ऐसा तो पहले भी हुआ है, जब गांधी परिवार के बाहर के लोगों ने कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला था। उन्होंने कहा कि क्या हमने तब काम नहीं किया था, जब यह जिम्मेदारी नरसिम्हा राव के पास थी। दिग्गी ने कहा कि राहुल गांधी वह काम करेंगे, जो कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से उन्हें दिया जाएगा। राहुल गांधी के कांग्रेस का फेस होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह उन 119 यात्रियों में से एक हैं, जो कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा कर रहे हैं।

गहलोत ने सीएम का पद छोड़ने के दिए संकेत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री पद छोड़ने के संकेत दिए है। सोनिया गांधी से मुलाकात से पहले दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए सीएम गहलोत ने कहा क पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है। हाईकमान ने सबकुछ दिया है। पिछले 40 साल से 50 साल से पदों पर ही हूं। मेरे लिए अब कोई पद इंपोर्टंेट नहीं है। मेरा बस चलें तो सभी पद छोड़ दूं। मेरे लिए ये है कि किस प्रकार से मुझे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी मुझे या जो जिम्मेदारी मुझे लेनी चाहिए। वो मैं निभाऊंगा। कांग्रेस मजबूत कैसे हो। ये अब देश वासियों को चिंता होने लगी है। कांग्रेस पार्टी प्रतिपक्ष के रूप में मजबूत होनी चाहिए। उस माहौल में हम लोग चल रहे हैं, तो हम जो फैसला करेंगे वो फैसले करेंगे कि हमारे हर फैसले से कांग्रेस मजबूत हो, ये मेरा ध्येय है।

24 साल बाद गैर-गांधी के हाथ में जाएगी कांग्रेस की कमान

राहुल के चुनाव नहीं लड़ने के बाद कांग्रेस की कमान गैर-गांधी के हाथ में जाना तय माना जा रहा है। 1998 में सीताराम केसरी को हटाकर सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष चुनी गई थीं। उसके बाद 2017 में राहुल कांग्रेस अध्यक्ष बने थे, लेकिन 2019 में उन्होंने पद छोड़ दिया था। 2019 के बाद से सोनिया अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर कांग्रेस की कमान संभाल रही हैं, लेकिन हेल्थ इश्यू की वजह से उन्होंने अध्यक्ष बनने से इनकार कर दिया है।

आज जारी होगी अधिसूचना

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट