हरियाणा के फरीदाबाद में सनसनीखेज वारदात; लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग का आरोप, परमजीत को लगीं 9 गोलियां; वारदात के बाद आरोपी परिवार समेत फरार, पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज।
मृदुभाषी डेस्क, फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग विवाद ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का रूप ले लिया। टेक महिंद्रा में एशिया हेड के पद पर कार्यरत परमजीत धनखड़ की उनके पड़ोसी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि शुक्रवार रात पड़ोसी मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से परमजीत पर करीब 15 राउंड फायरिंग की। इस दौरान उन्हें 9 गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से पार्किंग और कुत्ते को घुमाने के दौरान होने वाली गंदगी को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात परमजीत जिम से लौटे थे। उन्होंने अपनी निर्धारित पार्किंग की जगह पर खड़ी मोनू शर्मा की गाड़ी हटाने के लिए कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि मोनू ने अपनी पिस्टल निकालकर उन पर गोलियां चला दीं।

पार्किंग और कुत्ते को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक, परमजीत धनखड़ का परिवार फरीदाबाद के सेक्टर-21C स्थित बिल्डिंग नंबर 641 की पहली मंजिल पर रहता है, जबकि आरोपी मोनू शर्मा का परिवार इसी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर रहता है।
दोनों परिवारों के बीच गाड़ी खड़ी करने की जगह और पार्किंग में कुत्ते को पॉटी कराने को लेकर अक्सर कहासुनी होती थी। पुलिस के अनुसार, करीब चार-पांच दिन पहले भी मोनू और परमजीत के बेटे शौर्य के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, उस समय दोनों पक्षों के बीच मामला सुलझ गया था।
बेटे की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ केस
वारदात के बाद आरोपी मोनू शर्मा अपने परिवार के साथ फरार हो गया। परमजीत के बेटे शौर्य की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से पुलिस ने कारतूसों के कई खोल बरामद किए और जांच शुरू की।
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद के मुताबिक, शौर्य की शिकायत पर मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। परमजीत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है।
5 नवंबर को सिंगापुर से भारत आए थे परमजीत
परमजीत धनखड़ सिंगापुर में रहते थे और टेक महिंद्रा में एशिया हेड के पद पर कार्यरत थे। वे 5 नवंबर को ही भारत आए थे। परिवार में 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी होनी थी, जिसमें शामिल होने के लिए वे भारत पहुंचे थे। लेकिन शादी समारोह में शामिल होने से पहले ही उनकी हत्या कर दी गई।
इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
