दिल्ली के पालम इलाके में एक व्यक्ति ने अपने परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी। आरोपी का नाम केशव है और वह नशे का आदी है।
परिवार ने केशव को नशामुक्ति केंद्र भेजा था। वहां से लौटने के बाद भी उसकी लत नहीं छूटी। वह नशे के लिए परिवार से पैसे मांगता रहता था। जब घरवालों ने पैसे देने से मना कर दिया तो उसने परिवार के लोगों की हत्या करने का फैसला कर लिया। घर के चारों सदस्यों को घर सभी को अलग-अलग कमरे में ले जाकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन उसके चचेरे भाई ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी केशव को पकड़ने वाले उसके चचेरे भाई ने बताया कि केशव के मकान की ऊपरी मंजिल पर झगड़ा हो रहा था। कुछ देर बाद बहन के चीखने की आवाज सुनी थी। वह बचाने की गुहार लगा रही थी। जब वह कुछ लोगों के साथ पहुंचा, तो आरोपी के घर का दरवाजा बंद था। जब उसने दरवाजा खटखटाया तो आरोपी बोला कि ये हमारा फैमिली मैटर है। इस पर लोगों ने कुछ देर तक इंतजार किया, लेकिन अचानक आरोपी भागने लगा, तो लोगों ने उसे पकड़ लिया। जब लोग घर के अंदर गए तो देखा कि घर का फर्श खून से लथपथ था। आसपास चार लाशें पड़ी हुई थीं। ये लाशें आरोपी के माता-पिता, बहन और दादी की थीं।
केशव की पक्की नौकरी नहीं थी। पुलिस ने कहा कि वह गुड़गांव की एक कंपनी में काम करता था। एक महीने पहले ही उसने नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद से ही परिवार वालों के साथ पैसे को लेकर झगड़ा करता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।