तेज बारिश से जलाशयों में बढ़ी पानी की आवक; रविवार रात 8 बजे भदभदा बांध का गेट नंबर 10 खोला गया, कलियासोत डैम के भी 3 गेट खुले।

भोपाल। राजधानी में लगातार हो रही तेज बारिश के बाद बड़ा तालाब एक बार फिर फुल टैंक लेवल पर पहुंच गया है। जलस्तर तेजी से बढ़ने और पानी की लगातार आवक को देखते हुए रविवार रात करीब 8 बजे भदभदा बांध का गेट नंबर 10 खोलकर पानी की निकासी शुरू की गई।
इस मानसून सीजन में यह चौथी बार है जब भदभदा बांध का गेट खोला गया है। लगातार बारिश के चलते बड़ा तालाब और इससे जुड़े जलाशयों में पानी की आवक बनी हुई है।
इधर, बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए कलियासोत डैम के भी तीन गेट खोल दिए गए हैं। दोनों प्रमुख जलाशयों से पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन जलस्तर और निचले इलाकों की स्थिति पर नजर रख रहा है।
भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण शहर के प्रमुख जलस्रोत तेजी से भर गए हैं। अगर बारिश का दौर इसी तरह जारी रहता है तो जलाशयों से पानी की निकासी आगे भी बढ़ाई जा सकती है।
प्रशासन ने जलाशयों और बांधों के आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जलनिकासी वाले क्षेत्रों के पास न जाने की अपील की है।
रिपोर्टर: रश्मि जैन







