Mradhubhashi
Search
Close this search box.

सात माह से निष्कासित लोधी को मिली भाजपा की सदस्यता

सात माह से निष्कासित लोधी को मिली भाजपा की सदस्यता

ब्राह्मणों और कथा वाचकों को लेकर विवादित बयान देने पर सात साल के लिए किया था निष्कासित

भोपाल।ब्राह्मणों और कथावाचकों को लेकर विवादित बयान देने के बाद से भाजपा से निष्कासित चल रहे प्रीतम लोधी ने रविवार को पार्टी की सदस्यता ले ली। लोधी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की उपस्थिति में सदस्यता ली।

लोधी को ब्राह्मणों और कथावाचकों को लेकर विवादित बयान देने पर अगस्त 2022 में भाजपा से छह साल के लिए निष्कासित किया गया था। उनका वनवास सात माह में खत्म हो गया। उन्‍हें गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा मंच पर लेकर पहुंचे थे। भाजपा नेता उमा भारती के समर्थक प्रीतम लोधी को पार्टी में वापस लाने के प्रयास कई दिनों से चल रहे थे। ग्वालियर के प्रवास के समय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी उनकी भेंट हुई थी। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि तीन मार्च 2023 को शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित कार्यक्रम में वे भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। लोधी छह मार्च को मुख्यमंत्री के साथ राजधानी के स्मार्ट सिटी उद्यान में भी दिखाई दिए थे। उन्होंने साथ में पौधा रोपा था।

उमा ने दी थी संयम बरतने की सलाह

17 अगस्त 2022 को पिछोर में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रीतम लोधी ने ब्राह्मणों और कथावाचकों को लेकर विवादित बयान दिया था, इससे ब्राह्मण नाराज हो गए थे। विरोध का सामना लोधी के साथ भाजपा को भी करना पड़ रहा था। इस वजह से उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इस कार्यवाही से नाराज लोधी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का नेतृत्व करने लगे थे। उन्हें समझाने उमा भारती उनके घर पहुंचीं और बयानबाजी में संयम बरतने की सीख दी थी। दरअसल, विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा रूठों को मनाने में जुटी है। इसी कड़ी में यह सदस्यता देना मानी जा रही है।

कांग्रेस और बसपा नेत्रियों को भी दिलाई भाजपा की सदस्यता

इसके अलावा राजगढ़ से कांग्रेस की नेत्री मोना सुस्तानी और बसपा की पूर्व विधायक उषा चौधरी को भी भाजपा की सदस्यता दिलाई गई है। प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी मेहमानों का भाजपा में गमछा पहना कर स्वागत किया। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट