---Advertisement---

दिग्विजय का बड़ा खुलासा: राजमाता चाहती थीं मैं जनसंघ में आऊं, लेकिन मैंने कांग्रेस की विचारधारा चुनी

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का खुलासा।
---Advertisement---

HIGHLIGHTS

दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा अशोकनगर पहुंची। ग्राम सोवत में उन्होंने बताया कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया चाहती थीं कि वे जनसंघ में आएं, लेकिन उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा चुनी।

अशोकनगर में ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ का भव्य स्वागत; ग्राम सोवत में आमसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने सुनाया अपने राजनीतिक जीवन का पुराना किस्सा, भाजपा पर साधा निशाना, दलितों और आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने का किया ऐलान

मृदुभाषी डेस्क, गुना/अशोकनगर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ गुरुवार को आरोन होते हुए अशोकनगर जिले में प्रवेश कर गई। यात्रा के जिले में पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्राम सोवत में यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जहां दिग्विजय सिंह ने रात्रि विश्राम भी किया। इस दौरान आयोजित आमसभा में उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती दिनों को याद करते हुए एक दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1972 में जब वे राजनीति में आए थे, तब राजमाता विजयाराजे सिंधिया और जनसंघ चाहते थे कि वे उनके साथ आएं, जबकि गोविंद नारायण सिंह उन्हें कांग्रेस में लाना चाहते थे। दिग्विजय सिंह ने बताया कि विभिन्न विचारधाराओं और साहित्य का अध्ययन करने के बाद उन्होंने कांग्रेस की सर्वधर्म समभाव की विचारधारा को चुना।

राजमाता चाहती थीं जनसंघ में शामिल हों

ग्राम सोवत में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने अपने राजनीतिक सफर के शुरुआती दौर का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1972 में जब उन्होंने राजनीति में कदम रखा, उस समय राजमाता विजयाराजे सिंधिया और जनसंघ के नेता चाहते थे कि वे जनसंघ में शामिल हों। दूसरी ओर गोविंद नारायण सिंह की इच्छा थी कि वे कांग्रेस में आएं।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने उस दौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ-साथ महात्मा गांधी, बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और रामधारी सिंह दिनकर के साहित्य का भी अध्ययन किया। विचारधाराओं को समझने और उनके सिद्धांतों पर विचार करने के बाद उन्हें जनसंघ की विचारधारा अपने अनुकूल नहीं लगी। इसके बाद उन्होंने सर्वधर्म समभाव और सभी धर्मों के सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस की विचारधारा को अपनाया।

उन्होंने अपनी उम्र के 80वें वर्ष में पदयात्रा करने के सवाल का भी जिक्र किया और अपने राजनीतिक जीवन के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि ग्राम सोवत का भी उनके पुराने राजनीतिक सफर से विशेष जुड़ाव रहा है। वर्ष 1970 के दशक में यह क्षेत्र राघौगढ़ विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा हुआ करता था।

‘निकल पड़े हैं राजा साहब, श्री रामलला के काम को…’ कविता से हुआ स्वागत

यात्रा के ग्राम सोवत पहुंचने पर स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक अगवानी की। इंजीनियर हरिबाबू राय सहित जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता इस दौरान मौजूद रहे।

स्वागत कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह के समर्थक पं. रामचरण शर्मा (खामखेड़ा वाले) ने अपनी ओजस्वी कविता के माध्यम से उनका अभिनंदन किया। उनकी कविता की पंक्तियां विशेष रूप से चर्चा का विषय रहीं।

उन्होंने कहा—

‘सादर अभिनंदन यहां आपका, मन पुष्पों से करें स्वागत श्री राघौवंश के नंदन का… महाकाल बाबा की चौखट से श्री दशरथ नंदन धाम को, निकल पड़े हैं राजा साहब, श्री रामलला के काम को।’

कविता पाठ के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया। धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं से जुड़ी इन पंक्तियों ने स्वागत समारोह में विशेष माहौल बना दिया।

भाजपा पर निशाना, बोले- सनातन धर्म नफरत नहीं सिखाता

आमसभा में दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का मूल विचार सभी धर्मों का सम्मान करना है। उन्होंने कहा कि जो धर्म विश्व कल्याण की भावना रखता है, वह नफरत फैलाने का माध्यम नहीं हो सकता।

उन्होंने भाजपा पर झूठ बोलने और सनातन धर्म की मूल भावना को विकृत करने का आरोप लगाया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि वेदों और गीता में वर्ण व्यवस्था का आधार जन्म नहीं, बल्कि कर्म बताया गया है। उनके अनुसार सनातन धर्म की मूल भावना समरसता, सद्भाव और सभी के कल्याण की है।

भाजपा शासन में दलितों के पट्टे निरस्त करने का आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन वर्गों को सदियों तक शिक्षा और भूमि के अधिकारों से वंचित रखा गया। उन्होंने महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।

दिग्विजय सिंह ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उनकी सरकार के समय अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लोगों को सरकारी तथा चरनोई भूमि के पट्टे दिए गए थे। उस समय इस फैसले को लेकर उन पर आरोप भी लगाए गए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में इन वर्गों के लोगों के पट्टे निरस्त किए जा रहे हैं। उन्होंने दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ अन्याय होने का भी आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस ऐसे लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी।

लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने का लगाया आरोप

अपने संबोधन में दिग्विजय सिंह ने भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लोकतांत्रिक मताधिकार को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और सम्मान की रक्षा होना जरूरी है।

उन्होंने कांग्रेस की ओर से वंचित, दलित और आदिवासी वर्गों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ने का भरोसा दिलाया। ग्राम सोवत में आयोजित सभा और यात्रा के स्वागत कार्यक्रम में जिले के कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय समर्थकों की मौजूदगी रही।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a comment