---Advertisement---

नक्सलवाद ने आदिवासी समाज को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया, अब बढ़ा सुरक्षा का भरोसा: पीएम मोदी

जनजातीय गौरव दिवस पर पीएम मोदी ने नक्सलवाद, आदिवासी विकास और भगवान बिरसा मुंडा के योगदान पर बात की। गढ़चिरौली में 3 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ, 19 जनजातीय विद्यालय भी शामिल।

---Advertisement---

गढ़चिरौली से 3 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, 19 जनजातीय विद्यालयों सहित कई योजनाओं का शुभारंभ; बोले प्रधानमंत्री- 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर आए, आदिवासी वीरों का इतिहास अब देश गर्व से याद कर रहा है

मृदुभाषी डेस्क, नई दिल्ली/गढ़चिरौली। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नक्सलवाद, आदिवासी समाज के विकास और जनजातीय नायकों के योगदान को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि नक्सली हिंसा ने सबसे ज्यादा नुकसान जनजातीय समाज को पहुंचाया। कभी माओवादी और नक्सली हिंसा से देश के करीब 125 जिले प्रभावित थे और हर साल हजारों लोगों की जान जाती थी। लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई से आदिवासी महिलाओं और परिवारों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।

प्रधानमंत्री रविवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समुदाय के लोगों से संवाद किया और करीब 3 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 19 जनजातीय विद्यालय भी शामिल हैं। इसके साथ ही उन्होंने मिजोरम में ट्राइबल फ्रीडम फाइटर म्यूजियम का उद्घाटन भी किया।

नक्सलवाद ने छीनीं आदिवासी परिवारों की खुशियां

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 में देश के करीब 125 जिले माओवादी और नक्सली हिंसा से प्रभावित थे। इस हिंसा के कारण सबसे अधिक नुकसान गरीब और आदिवासी परिवारों को उठाना पड़ा। हजारों लोगों की जान गई और अनेक परिवारों ने अपनों को खोया।

उन्होंने पिछली सरकारों पर इस समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नक्सली गरीब परिवारों के बच्चों और बेटियों को उठा ले जाते थे। सरकार ने नक्सलवाद और माओवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है। इससे अब जनजातीय क्षेत्रों में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है और आदिवासी परिवार पहले की तुलना में अधिक भरोसे के साथ जीवन जी रहे हैं।

बोले- पहले बस्तर जाने से डरते थे लोग, अब वहीं जवानों के साथ मनाई दीपावली

प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के बस्तर का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय था जब लोग वहां जाने से डरते थे। लेकिन कुछ दिन पहले उन्होंने इसी क्षेत्र में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाई। यह बदलते हालात और बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आदिवासी समाज की बेटी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विराजमान हैं। यह भारत के लोकतंत्र और जनजातीय समाज के सम्मान का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर आए: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश आज विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर रहा है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करीब 50 करोड़ लोगों को भीषण गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है।

उन्होंने बताया कि देश के अलग-अलग राज्यों में लगभग 30 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है। सरकार ने पिछड़े और जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट निर्धारित किया है।

मोदी ने कहा कि मुद्रा योजना के माध्यम से लोगों को बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया गया, जिससे युवाओं, छोटे कारोबारियों और जरूरतमंद परिवारों के लिए रोजगार तथा आय के नए अवसर तैयार हुए हैं।

भगवान बिरसा मुंडा का उलगुलान आज भी देता है प्रेरणा

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में आदिवासी समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। जनजातीय वीरों और वीरांगनाओं ने अन्याय तथा अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया और अपना बलिदान दिया।

उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और उनके ऐतिहासिक उलगुलान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका साहस, स्वाभिमान और संघर्ष आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक आदिवासी नायकों और उनके योगदान को उचित पहचान नहीं मिली। पहले देश के इतिहास और कार्यक्रमों को विदेशी नजरिए से देखने की प्रवृत्ति रही, लेकिन अब भारत अपनी विरासत और गौरवशाली परंपराओं को सम्मान दे रहा है।

दो लाख से ज्यादा कार्यक्रमों में करोड़ों लोग हुए शामिल

मोदी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर पिछले वर्ष देशभर में दो लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इन कार्यक्रमों में करोड़ों लोगों ने भाग लेकर जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को याद किया।

उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के सम्मान, स्वाभिमान और भगवान बिरसा मुंडा के विचारों से जुड़ा पर्व है। आज देश अपने आदिवासी नायक-नायिकाओं को गर्व के साथ याद कर रहा है।

गढ़चिरौली के आयोजन का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने राघव जी भागरे और भागोजी नाइक जैसे जनजातीय वीरों को भी नमन किया।

बिरसा मुंडा को मोदी, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दिल्ली में भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

प्रधानमंत्री मोदी भी कलाकारों के बीच पहुंचे और उनके साथ खरताल बजाकर उत्सव में सहभागिता की। कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोक कलाओं की आकर्षक झलक देखने को मिली।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री मोदी झारखंड के खूंटी जिले में स्थित भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू पहुंचे थे। वह इस गांव का दौरा करने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री बने थे।

आदिवासी परिवारों से सीधा संवाद, योजनाओं का लिया फीडबैक

गढ़चिरौली के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने जनजातीय समुदाय के लोगों से सीधे बातचीत भी की। इस दौरान उन्होंने वजीर भाई नामक व्यक्ति से पुरानी विकास योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी मांगी।

प्रधानमंत्री ने वर्ष 2004-05 में शुरू की गई गुजरात पैटर्न योजना का उल्लेख करते हुए पूछा कि दो दशक से अधिक समय बीतने के बाद इस योजना से उन्हें और आसपास के लोगों को कितना लाभ मिला है।

उन्होंने नेत्रांग क्षेत्र की पुरानी स्थिति को याद करते हुए कहा कि कभी यह इलाका काफी पिछड़ा हुआ था, लेकिन अब वहां बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने लाभार्थी की कलाई पर घड़ी और बातचीत के दौरान उसके आत्मविश्वास का उल्लेख करते हुए खुशी जताई।

विकास के साथ आदिवासी अस्मिता और सुरक्षा पर जोर

प्रधानमंत्री के संबोधन में जनजातीय समाज के विकास के साथ उसकी पहचान, संस्कृति, सुरक्षा और ऐतिहासिक योगदान को प्रमुखता दी गई। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आदिवासी क्षेत्रों तक विकास की योजनाएं पहुंचें, युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलें तथा जनजातीय परिवार सम्मान और सुरक्षा के साथ आगे बढ़ सकें।

गढ़चिरौली से शुरू की गई विकास परियोजनाओं और जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों के जरिए प्रधानमंत्री ने यह संदेश देने की कोशिश की कि विकसित भारत के निर्माण में आदिवासी समाज की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें

रिंकू सिंह की शादी में शामिल होंगे PM मोदी? परिवार के साथ पहुंचकर दिया न्योता, लिया आशीर्वाद

अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- विदेश यात्राएं छोड़ गांवों में जाइए, तभी मिल सकती है सत्ता

अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की साजिश! मुंबई में ठहराया गया था शूटर, दिल्ली पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

छठ महापर्व पर देशभर में आस्था का सैलाब, डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना; नेताओं ने दी शुभकामनाएं

मृदुभाषी मॉर्निंग बुलेटिन| रविवार, 15 नवंबर 2026

गोधरा ट्रेन अग्निकांड पर पूर्व CBI स्पेशल डायरेक्टर राकेश अस्थाना का बड़ा दावा

गोधरा ट्रेन अग्निकांड हादसा नहीं, साजिश थी: पूर्व CBI स्पेशल डायरेक्टर राकेश अस्थाना का बड़ा दावा; बोले- लालू यादव मुझे मामले में फंसाना चाहते थे

Leave a comment