निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी चालक को मिली तिजोरी, अधिकारियों ने सुरक्षित रखवाया; परिसर में रहने वाली महिला ने बताया पिता की निशानी, अब इतिहास और मालिकाना हक की होगी जांच
मृदुभाषी डेस्क, इंदौर। ऐतिहासिक लालबाग पैलेस परिसर में सड़क और बाउंड्रीवॉल निर्माण के दौरान जमीन में आधी दबी एक भारी लोहे की तिजोरी मिलने से लोगों में कौतूहल फैल गया। जेसीबी से काम कर रहे चालक की नजर अचानक जमीन में धंसी तिजोरी पर पड़ी। उसने उसे बाहर निकलवाकर पैलेस के पास रखवाया और इसकी सूचना अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने जेसीबी की मदद से तिजोरी को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया।
तिजोरी मिलने की खबर फैलते ही उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। शुरुआत में इसे होलकर शासनकाल से जुड़ी ऐतिहासिक तिजोरी माना जा रहा था, लेकिन बाद में सामने आए एक दावे ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।
खाली मिली तिजोरी, महिला ने किया अपना दावा
अधिकारियों के अनुसार, तिजोरी के अंदर से फिलहाल कुछ भी नहीं मिला है। वहीं, लालबाग पैलेस परिसर में रहने वाली एक महिला ने इसे अपने पिता की निशानी बताया है। महिला का कहना है कि उसके पिता सुनार का काम करते थे और उनकी दुकान में यह तिजोरी रखी रहती थी।
महिला के मुताबिक, पिता के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। इसके चलते वह परिसर में बनी एक झोपड़ी में रहने आ गई। इस दौरान वह अपने पिता की निशानी के तौर पर तिजोरी भी अपने साथ ले आई थी।
कुछ दिन पहले बाहर रखी थी तिजोरी
महिला ने बताया कि कुछ दिनों पहले उसने तिजोरी को बाहर निकालकर रख दिया था। इसी बीच निर्माण कार्य के दौरान तिजोरी जेसीबी चालक की नजर में आ गई। हालांकि, तिजोरी जमीन में आधी धंसी हुई कैसे मिली और महिला के दावे की वास्तविकता क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
होलकरकालीन होने की पुष्टि नहीं
तिजोरी मिलने के बाद इसे होलकर शासनकाल से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन फिलहाल अधिकारियों की ओर से इसे होलकरकालीन संपत्ति नहीं माना जा रहा है। परिसर के चौकीदार ने भी बताया कि निर्माण कार्य के दौरान तिजोरी दिखाई दी थी, जिसके बाद उसे सुरक्षित रखवा दिया गया।
अधिकारी अब तिजोरी का निरीक्षण करेंगे और यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि इसका लालबाग पैलेस के इतिहास से कोई संबंध है या यह किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति है।
जांच के बाद ही खुलेगा तिजोरी का राज
फिलहाल खाली तिजोरी को सुरक्षित रखा गया है। एक ओर इसके ऐतिहासिक महत्व को लेकर उत्सुकता है, तो दूसरी ओर महिला के दावे ने इसके मालिकाना हक का सवाल खड़ा कर दिया है। अब अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जमीन से निकली यह भारी तिजोरी वास्तव में होलकरकालीन इतिहास का हिस्सा है या किसी परिवार की पुरानी निशानी।
लालबाग पैलेस परिसर में मिली इस तिजोरी का रहस्य फिलहाल बरकरार है।


