इंदौर नगर निगम की टीम ने सालभर चलाया स्वच्छता सुधार अभियान; कचरे के पहाड़ खत्म कर विकसित किया ग्रीन फॉरेस्ट, घर-घर कचरा संग्रहण और जनभागीदारी से बदली शहर की तस्वीर
मृदुभाषी डेस्क, इंदौर। स्वच्छता के मामले में देशभर में लगातार अपनी पहचान कायम रखने वाले इंदौर ने अब अपने जोड़ीदार देपालपुर को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। स्वच्छता प्रीमियर लीग में देपालपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि पिछले वर्ष 1710वीं रैंक पर रहने वाले देपालपुर ने इस बार लंबी छलांग लगाते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के पीछे इंदौर नगर निगम की टीम की सालभर की मेहनत, बेहतर कचरा प्रबंधन और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।
दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देपालपुर नगर परिषद को सम्मानित किया। इंदौर के स्वच्छता मॉडल को अपनाकर देपालपुर में सफाई व्यवस्था से लेकर कचरा संग्रहण और उसके वैज्ञानिक निपटान तक व्यापक बदलाव किए गए। इन प्रयासों ने करीब 20 हजार की आबादी वाले इस नगर की तस्वीर बदल दी।
कचरे के पहाड़ हटाकर विकसित किया ग्रीन फॉरेस्ट
देपालपुर में पहले सफाई व्यवस्था की स्थिति अच्छी नहीं थी। बनेड़िया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में वर्षों से कचरे के बड़े-बड़े ढेर जमा थे। इंदौर नगर निगम की टीम ने सबसे पहले पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान कराया। इसके बाद खाली हुई जमीन पर ग्रीन फॉरेस्ट विकसित किया गया। ट्रेंचिंग ग्राउंड में भविष्य के कचरे के वैज्ञानिक निपटान के लिए भी जरूरी व्यवस्थाएं तैयार की गईं।
इसके साथ ही पूरे शहर का सर्वे कर कचरा संग्रहण के रूट निर्धारित किए गए। इन रूटों के अनुसार डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की व्यवस्था की गई, ताकि प्रत्येक घर तक नियमित रूप से कचरा संग्रहण की सुविधा पहुंच सके।
15 हजार से अधिक डस्टबिन बांटे, हटाईं सार्वजनिक कचरा पेटियां
देपालपुर में पहले लोग सार्वजनिक कचरा पेटियों में कचरा डालते थे। बाद में नगर परिषद के वाहन इसे ट्रेंचिंग ग्राउंड तक पहुंचाते थे। इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए इंदौर नगर निगम की टीम ने शहर से सार्वजनिक कचरा पेटियां हटाईं और नागरिकों को 15 हजार से अधिक डस्टबिन वितरित किए।
लोगों को घरों में ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया गया। इसके लिए एनजीओ की भी मदद ली गई। धीरे-धीरे पूरे शहर को 100 प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था से जोड़ दिया गया।
घर से ही अलग-अलग कचरा एकत्रित होने के कारण उसके निपटान की प्रक्रिया आसान हुई। खुले में कचरा फेंकने की आदत में कमी आई और खाली प्लॉटों तथा सड़कों पर गंदगी फैलने की समस्या भी काफी हद तक दूर हुई। इससे नियमित सफाई व्यवस्था में सुधार आया।
बैकलेन की सफाई और वॉल पेंटिंग से बदली तस्वीर
स्वच्छता अभियान के तहत देपालपुर के मोहल्लों की बैकलेन यानी पीछे की गलियों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इन गलियों की सफाई के साथ दीवारों को आकर्षक चित्रों और रंगों से सजाया गया। इसका असर यह हुआ कि लोगों ने इन स्थानों पर कचरा फेंकना बंद कर दिया।
शहर के सड़क डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थानों को भी वॉल पेंटिंग के माध्यम से सुंदर बनाया गया। इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ी, बल्कि नागरिकों में सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के प्रति जागरूकता भी बढ़ी।
गीले कचरे से खाद बनाने की व्यवस्था, आवारा मवेशियों पर भी कार्रवाई
कचरे के बेहतर प्रबंधन के लिए देपालपुर में गीले कचरे से जैविक खाद तैयार करने की यूनिट स्थापित की गई। इससे गीले कचरे का उपयोगी निपटान संभव हुआ और कचरे को संसाधन के रूप में इस्तेमाल करने की दिशा में भी कदम बढ़ा।
शहर की स्वच्छता में बाधा बन रहे आवारा मवेशियों को भी सड़कों से हटाकर गोशालाओं में भेजा गया। इससे सड़कों पर पशुओं के कारण फैलने वाली गंदगी में कमी आई और यातायात व्यवस्था को भी राहत मिली।
इंदौर मॉडल बना देपालपुर की सफलता का आधार
देपालपुर की यह उपलब्धि बताती है कि बेहतर योजना, मजबूत निगरानी, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और नागरिकों की भागीदारी से छोटे शहरों में भी बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। इंदौर नगर निगम की टीम ने जिस तरह देपालपुर में स्वच्छता का ढांचा तैयार किया, उसने शहर को देशभर में नई पहचान दिलाई है।
1710वीं रैंक से देश में दूसरा स्थान हासिल करने तक का देपालपुर का सफर अब दूसरे छोटे शहरों और नगर निकायों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।