भोपाल में जागृत हिंदू मंच का सद्बुद्धि यज्ञ, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को घेरा; बोले- महिला सशक्तीकरण राजनीतिक परिवारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए
मृदुभाषी डेस्क, भोपाल। महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के खिलाफ राजनीतिक हमला तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को जागृत हिंदू मंच की ओर से शीतलदास की बगिया में सद्बुद्धि यज्ञ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं मंच के संरक्षक डॉ. दुर्गेश केसवानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए महिला राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर तीखे सवाल उठाए।
डॉ. केसवानी ने दोनों नेताओं के परिवारों में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी का उदाहरण देते हुए पूछा कि जब उनके अपने राजनीतिक परिवारों में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिल रहा है, तो देश की सामान्य महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर विरोध क्यों किया जा रहा है?
राहुल गांधी के परिवार में 67%, अखिलेश के परिवार में 50% महिला प्रतिनिधित्व का हवाला
डॉ. केसवानी ने कहा कि राहुल गांधी के परिवार में सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी सक्रिय राजनीति में हैं। उनके मुताबिक, परिवार के तीन प्रमुख राजनीतिक चेहरों में दो महिलाएं हैं, यानी करीब 67 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व है।
इसी तरह उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के परिवार का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी पत्नी डिंपल यादव सांसद हैं। परिवार के दो प्रमुख राजनीतिक चेहरों में एक महिला होने के कारण यहां महिला प्रतिनिधित्व 50 प्रतिशत है।
इन उदाहरणों के जरिए केसवानी ने सवाल उठाया कि जब राजनीतिक परिवारों में महिलाओं की भागीदारी स्वीकार की जा रही है, तो देश की करोड़ों सामान्य महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए?
‘महिला सशक्तीकरण केवल राजनीतिक परिवारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए’
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि महिला सशक्तीकरण का अर्थ केवल महिलाओं को राजनीतिक परिवारों में अवसर देना नहीं, बल्कि समाज की हर वर्ग की महिलाओं को लोकतंत्र की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने सवाल किया कि क्या महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का सिद्धांत केवल कुछ परिवारों तक सीमित रहना चाहिए? देश की सामान्य महिलाओं को भी नीति निर्माण, संसद और विधानसभाओं में अपनी प्रभावी भूमिका निभाने का अवसर मिलना चाहिए।
मोदी और अमित शाह के प्रति जताया आभार
सद्बुद्धि यज्ञ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए आभार व्यक्त किया गया।
डॉ. केसवानी ने कहा कि महिला आरक्षण का उद्देश्य राजनीति और निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है। यह महिलाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिक अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस विषय पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समर्थन करने की अपील की।
मंच के कार्यकर्ता रहे मौजूद
सद्बुद्धि यज्ञ में जागृत हिंदू मंच के सहसंयोजक अधिवक्ता सुनील जैन, अनिल मोटवानी, शुभम पांडे, मनोज राय चंदानी, पंडित केपी मिश्रा, पंडित विपिन महाराज, रोहित कुशवाहा, सनी कृष्ण श्रीवास्तव, संदीप अहिरवार, अनिकेत कुमार, धीरज कुमार, यश कुमार और कृष्णा डांगी सहित मंच के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महिला आरक्षण को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए भाजपा ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को घेरते हुए महिला राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया।
